नए आयकर अधिनियम पर शिमला में हुआ जागरूकता कार्यक्रम
शिमला, 17 जून (हि.स.)। आयकर विभाग, रेंज शिमला ने नए आयकर अधिनियम 2025 को लेकर बुधवार को एक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया, जिसमें करदाताओं, होटल व्यवसायियों, चार्टर्ड अकाउंटेंट्स, अधिवक्ताओं, सरकारी उपक्रमों के प्रतिनिधियों और मीडिया कर्मियों ने भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को नए आयकर कानून और उससे जुड़े बदलावों की जानकारी देना था।
कार्यक्रम में आयकर अधिनियम 1961 से नए आयकर अधिनियम 2025 में हुए प्रमुख बदलावों पर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान संयुक्त आयकर आयुक्त एवं रेंज प्रमुख केशव किशोर आनंद, आयकर अधिकारी कपिल निरवान, सर्किल कार्यालय के अधिकारी नरेंद्र चहल और सहायक आयकर आयुक्त सुनील कुमार मौजूद रहे। अधिकारियों ने प्रतिभागियों को नए कानून के महत्वपूर्ण प्रावधानों, प्रक्रियाओं और डिजिटल सुविधाओं की जानकारी दी तथा बताया कि नया अधिनियम कर व्यवस्था को अधिक सरल और करदाता-अनुकूल बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को नए कानून से संबंधित शैक्षणिक सामग्री और उपयोगी डिजिटल संसाधनों की जानकारी भी दी गई। साथ ही आयकर विभाग के आधिकारिक एआई चैटबॉट का प्रदर्शन किया गया। अधिकारियों ने बताया कि यह चैटबॉट करदाताओं को आयकर से जुड़े प्रश्नों के उत्तर प्राप्त करने और आवश्यक जानकारी हासिल करने में मदद करेगा।
इस अवसर पर बच्चों के लिए तैयार की गई एक विशेष कॉमिक बुक भी प्रदर्शित की गई। इसका उद्देश्य बच्चों को कर व्यवस्था और कर भुगतान के महत्व के बारे में सरल और रोचक तरीके से जागरूक करना है।
आयकर विभाग के अधिकारियों ने कहा कि ऐसे कार्यक्रमों का उद्देश्य करदाताओं को नए कानूनों, तकनीकी सुविधाओं और कर प्रणाली में हो रहे बदलावों के प्रति जागरूक बनाना है। विभाग ने भविष्य में भी इस तरह के जन-जागरूकता कार्यक्रम जारी रखने की प्रतिबद्धता जताई, ताकि अधिक से अधिक लोग कर संबंधी नियमों और डिजिटल सुविधाओं की सही जानकारी प्राप्त कर सकें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

