कोट तथा महादेव पंचायत में प्राकृतिक खेती पर किसान प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित

WhatsApp Channel Join Now
कोट तथा महादेव पंचायत में प्राकृतिक खेती पर किसान प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित


मंडी, 18 अप्रैल (हि.स.)। कृषि विभाग एवं इरी आईआरआरआई दक्षिण एशिया क्षेत्रीय केंद्र वाराणसी के संयुक्त तत्वावधान में धनोटू की कोट तथा महादेव पंचायत में प्राकृतिक खेती पर किसान प्रशिक्षण कार्यक्रम एवं फील्ड विजिट का आयोजन किया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम में लगभग 60 किसानों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया, जो क्षेत्र में प्राकृतिक खेती के प्रति बढ़ती जागरूकता और रुचि को दर्शाता है। कार्यक्रम का संचालन इरी दक्षिण एशिया क्षेत्रीय केंद्र वाराणसी के विशेषज्ञों डॉ. अजय कुमार मिश्रा, श्रीनिवास रेड्डी तथा गायत्री हेट्टा द्वारा किया गया।

उन्होंने बताया कि कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य जलवायु-सहिष्णु, कम लागत वाली तथा सतत कृषि पद्धतियों को बढ़ावा देना है। इस दौरान प्राकृतिक खेती आधारित फसल प्रबंधन एवं प्राकृतिक इनपुट्स की तैयारी पर विशेष जोर दिया गया। यह पहल क्षेत्र में प्राकृतिक खेती को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

कृषि विभाग की ओर से खंड तकनीकी प्रबंधक लेख राज, कृषि प्रौद्योगिकी प्रबंधक सविता चौहान व प्रीति, फील्ड तकनीशियन जया शर्मा और विपाशा ठाकुर भी उपस्थित रहीं। उन्होंने किसानों के साथ अपने अनुभव साझा किए और तकनीकी मार्गदर्शन प्रदान किया। प्रशिक्षण के दौरान किसानों को बीजामृत, जीवामृत जैसे प्राकृतिक इनपुट्स की तैयारी एवं उनके उपयोग की व्यावहारिक जानकारी दी गई।

सत्रों में लागत में कमी, मृदा स्वास्थ्य में सुधार तथा उत्पादन की स्थिरता जैसे महत्वपूर्ण पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। किसानों को फील्ड विजिट भी करवाई गई और उन्हें इन तकनीकों को अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

Share this story