हिमाचल के ‘आईपीएस’ रोहित मालपानी केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर, नैटग्रिड के बने निदेशक

WhatsApp Channel Join Now

शिमला, 01 मई (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश के आईपीएस अधिकारी रोहित मालपानी को केंद्र सरकार में बड़ी जिम्मेदारी मिली है। राज्य सरकार के गृह विभाग की अधिसूचना के मुताबिक उन्हें भारत सरकार के गृह मंत्रालय के तहत नैटग्रिड में निदेशक पद पर प्रतिनियुक्ति पर भेजा गया है। यह नियुक्ति केंद्रीय स्टाफिंग योजना के तहत पांच साल के लिए या अगले आदेश तक रहेगी।

रोहित मालपानी अभी हिमाचल प्रदेश में साइबर क्राइम (सीआईडी) में उप महानिरीक्षक के पद पर तैनात थे। उन्हें तत्काल प्रभाव से मौजूदा जिम्मेदारियों से मुक्त कर दिया गया है, ताकि वे अपनी नई भूमिका संभाल सकें।

मालपानी को एक काबिल और आधुनिक सोच वाले पुलिस अधिकारी के तौर पर जाना जाता है। उन्होंने अपने करियर में कई जिलों में पुलिस अधीक्षक के रूप में काम किया और कानून-व्यवस्था को मजबूत करने में अहम योगदान दिया। वर्ष 2018 में उन्हें डीजीपी डिस्क अवार्ड से सम्मानित किया गया था। यह सम्मान उन्हें शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त अभियान, धोखाधड़ी और चोरी के मामलों के खुलासे तथा फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष रणनीति बनाने जैसे कार्यों के लिए मिला।

जयपुर के रहने वाले रोहित मालपानी ने आईआईटी चेन्नई से इंजीनियरिंग की पढ़ाई की। उन्होंने कुछ समय तक बहुराष्ट्रीय कंपनी में नौकरी भी की, लेकिन उनका लक्ष्य आईपीएस बनना था, जिसे उन्होंने 25 साल की उम्र में हासिल किया।

हिमाचल में उनकी सेवा सिरमौर जिला के पांवटा साहिब से शुरू हुई। इसके बाद उन्होंने बिलासपुर, शिमला, हमीरपुर, किन्नौर और सिरमौर जैसे जिलों में अहम जिम्मेदारियां निभाईं। किन्नौर जैसे दूरदराज क्षेत्र में उन्होंने पुलिस व्यवस्था को बेहतर किया और फरार अपराधियों की गिरफ्तारी में उल्लेखनीय काम किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Share this story