आनंदोत्सव: इंडस ग्लोबल स्कूल की रंगारंग प्रस्तुतियों ने बांधा समां

WhatsApp Channel Join Now
आनंदोत्सव: इंडस ग्लोबल स्कूल की रंगारंग प्रस्तुतियों ने बांधा समां


मंडी, 03 अक्टूबर (हि.स.)। इंडस ग्लोबल स्कूल की नेर चौक शाखा के छात्रों ने वार्षिक दिवस समारोह आनंदोत्सव हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया l कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि सुमन ठाकुर महापौर मंडी ने दीप प्रज्वलित कर किया l कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा और रचनात्मकता का शानदार प्रदर्शन किया। वंदना—ए डिवाइन बिगिनिंग की मनमोहक प्रस्तुति नन्हेमुन्ने छात्रों द्वारा दी गई l कार्यक्रम में रंगला गुजरात और पंजाब के माध्यम से देश की विविध सांस्कृतिक परंपराओं को मंच पर जीवंत किया गया। नन्हे विद्यार्थियों की प्रस्तुति ‘लिटिल फीट—सदर्न बीट्स ने भी दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। हिमाचल नाटी की प्रस्तुति ने हिमाचल की लोक संस्कृति की झलक दिखाई l कार्यक्रम में किसानों और सैनिकों को समर्पित विशेष प्रस्तुति के माध्यम से राष्ट्र के प्रति उनके समर्पण को नमन किया गया l भारत शान और पहचान प्रस्तुति ने समारोह को देशभक्ति के रंग में रंग दिया l

इस अवसर पर मुख्य अतिथि नगर निगम मंडी की मेयर सुमन ठाकुर ने अपने संबोधन के दौरान विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए उन्हें अपनी प्रतिभा को निखारने और शिक्षा के साथ-साथ संस्कार एवं संस्कृति से जुड़े रहने के लिए प्रेरित किया। मुख्य अतिथि ने बच्चों को मोबाइल फ़ोन की बुरी आदत से दूर रहने का आग्रह किया । विद्यार्थियों को उनकी उपलब्धियों के लिए प्रमाण पत्र वितरित किए गए l विद्यालय प्रबंधन, प्रधानाचार्या, शिक्षकगण और अभिभावकों की उपस्थिति में आयोजित इस समारोह में विद्यार्थियों ने अपनी मेहनत, अनुशासन और प्रतिभा का परिचय दिया। अंत में धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। समारोह ने विद्यार्थियों के साथ-साथ अभिभावकों और उपस्थित अतिथियों के लिए भी यादगार अनुभव छोड़ा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

Share this story