इंदिरा गांधी की जयंती पर रिज मैदान में पुष्पांजलि, राष्ट्र निर्माण में योगदान को किया याद

WhatsApp Channel Join Now
इंदिरा गांधी की जयंती पर रिज मैदान में पुष्पांजलि, राष्ट्र निर्माण में योगदान को किया याद


शिमला, 19 नवंबर (हि.स.)। पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की जयंती पर वीरवार को शिमला के रिज मैदान स्थित उनकी प्रतिमा के समक्ष पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। इस मौके पर वन विकास निगम के उपाध्यक्ष केहर सिंह खाची सहित उपस्थित लोगों ने देश के निर्माण, राष्ट्रीय एकता और अखंडता को मजबूत करने में इंदिरा गांधी के योगदान को याद किया। सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के कलाकारों ने देशभक्ति गीतों और भजनों के माध्यम से उन्हें श्रद्धांजलि दी।

इस अवसर पर केहर सिंह खाची ने कहा कि इंदिरा गांधी दृढ़ इच्छाशक्ति वाली नेता थीं। उन्होंने अपने कार्यकाल में कई ऐतिहासिक निर्णय लेकर देश की सामाजिक और आर्थिक व्यवस्था को नई दिशा दी। उनके साहसिक नेतृत्व और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने के समर्पण के कारण उन्हें विश्वभर में लौह महिला के रूप में जाना जाता है।

खाची ने कहा कि बैंकों का राष्ट्रीयकरण इंदिरा गांधी के महत्वपूर्ण आर्थिक निर्णयों में शामिल था। इसका उद्देश्य बैंकिंग सुविधाओं को ग्रामीण क्षेत्रों, किसानों और बागवानों तक पहुंचाना था। इससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देने और आम लोगों को बैंकिंग व्यवस्था से जोड़ने का रास्ता खुला। उन्होंने कहा कि इंदिरा गांधी का मानना था कि किसानों और ग्रामीण क्षेत्रों की आर्थिक स्थिति मजबूत हुए बिना देश की वास्तविक प्रगति संभव नहीं है।

उन्होंने कहा कि इंदिरा गांधी ने सामाजिक और आर्थिक असमानता कम करने के लिए भी महत्वपूर्ण कदम उठाए। पूर्व रियासतों के शासकों को मिलने वाले प्रिवी पर्स और विशेषाधिकारों को समाप्त करना इसी दिशा में एक ऐतिहासिक निर्णय था। खाची के अनुसार, इस कदम का उद्देश्य समाज में समानता को बढ़ावा देना और पुराने विशेषाधिकारों की व्यवस्था को समाप्त करना था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

779687 Articles

Share this story