करसोग में इंदिरा गांधी सुख शिक्षा योजना के अन्तर्गत 337 लाभार्थी किए जा रहे है लाभान्वित: अलीशा चौहान
मंडी, 29 अगस्त (हि.स.)। बाल विकास परियोजना करसोग के अन्तर्गत करसोग उपमंडल में संचालित की जा रही विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा बैठक एसडीएम करसोग अलीशा चौहान की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में मुख्यमंत्री सुख आश्रय योजना, समेकित बाल विकास सेवाएं कार्यक्रम, बेटी बचाओं बेटी पढ़ाओं और बाल विवाह निषेष अधिनियम, 2006 के प्रभावी कार्यान्वयन की समीक्षा की गई और पात्र लाभार्थियों को राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ समयबद्ध उपलब्ध करवाने के दिशा निर्देश दिए गए।
एसडीएम अलीशा चौहान ने मुख्यमंत्री सुख आश्रय योजना के प्रभावी क्रियान्वयन पर बल देते हुए कहा कि करसोग उपमंडल में 41 पात्र बच्चों को योजना का लाभ प्रदान किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा बच्चों और जरूरतमंद परिवारों के कल्याण के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं। इसमें इंदिरा गांधी सुख शिक्षा योजना भी शामिल है। उन्होंने कहा इस योजना में करसोग क्षेत्र में 337 लाभार्थियों को चिन्हित कर लाभान्वित किया जा रहा है। इनमें 0 से 18 वर्ष आयु वर्ग के 308 तथा 18 से 27 वर्ष आयु वर्ग के 29 लाभार्थी शामिल हैं।
बाल विवाह की रोकथाम के लिए जागरूकता जरूरी बैठक में बाल विवाह निषेध अधिनियम, 2006 के तहत गठित अनुश्रवण समिति के कार्यों की भी समीक्षा की गई। एसडीएम ने कहा कि बाल विवाह एक सामाजिक कुरीति होने के साथ-साथ कानूनन अपराध भी है।
सीडीपीओ करसोग इंद्र सिंह ने बैठक के दौरान राज्य सरकार द्वारा जनहित में संचालित की जा रही विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्रदान की तथा योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन से संबंधित विषयों पर विस्तार से चर्चा की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

