स्वास्थ्य सेवाओं का सुदृढ़ीकरण प्रदेश सरकार की सर्वाेच्च प्राथमिकता : स्वास्थ्य मंत्री धनीराम शांडिल

WhatsApp Channel Join Now
स्वास्थ्य सेवाओं का सुदृढ़ीकरण प्रदेश सरकार की सर्वाेच्च प्राथमिकता : स्वास्थ्य मंत्री धनीराम शांडिल


सोलन, 15 अगस्त (हि.स.)। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा सैनिक कल्याण ने कहा कि प्रदेश सरकार सभी नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण एवं सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि सरकार के निरंतर प्रयासों से स्वास्थ्य क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति हो रही है और विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों को आधुनिक सुविधाओं से सुदृढ़ किया जा रहा है।डॉ. शांडिल शनिवार को देश की स्वतंत्रता की 80वीं वर्षगांठ पर सोलन ज़िला के एतिहासिक ठोडो मैदान में आयोजित ज़िला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह को सम्बोधित कर रहे थे।

डॉ. शांडिल ने इससे पूर्व कृतज्ञ प्रदेशवासियों की ओर से शहीद स्मारक पर असंख्य वीरों को भावभीनी श्रद्धाजंलि अर्पित की।स्वास्थ्य मंत्री ने तदोपरांत ठोडो मैदान में ध्वजारोहण किया, परेड का निरीक्षण किया तथा सलामी ली। पुलिस निरीक्षक संजीव कंवर ने परेड का नेतृत्व किया।

डॉ. शांडिल ने कहा कि वर्तमान सरकार के कार्यकाल में समाज के सभी वर्गों का कल्याण करने के लिए महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं। प्रदेश सरकार द्वारा किसानों, बागवानों, पशुपालकों, युवाओं तथा महिलाओं के लिए अनेक नई कल्याणकारी योजनाएं आरम्भ की गई है।

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि प्रदेश में इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज शिमला, डॉ. राजेन्द्र प्रसाद सरकारी चिकित्सा महाविद्यालय टाण्डा, नेर चौक मेडिकल कॉलेज और चमियाणा अस्पताल में पहली बार रोबोटिक सर्जरी की सुविधा आरम्भ की गई है। इस सुविधा के मिलने से प्रदेश के रोगियों को उपचार करवाने के लिए बाहरी राज्यों में नहीं जाना पड़ेगा।

डॉ. शांडिल ने कहा कि प्रदेश के स्वास्थ्य संस्थानों में आधुनिक चिकित्सा उपकरणों और स्वास्थ्य अधोसंरचना को सुदृढ़ बनाने के लिए तीन हजार करोड़ रुपए व्यय किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य संस्थानों में चिकित्सकों, पैरामेडिकल स्टॉफ तथा तकनीशियनों की कमी को दूर करने के लिए चरणबद्ध तरीके से भर्ती प्रक्रिया की जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में प्रत्येक विधानसभा क्षेत्रों में स्वास्थ्य संस्थानों को स्तरोन्नत कर 70 आदर्श स्वास्थ्य संस्थान खोले गए हैं।स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि सोलन के कथेड़ में दो सौ करोड़ रुपए से अधिक की लागत से बहुउद्देश्य अस्पताल तथा 17 करोड़ रुपए की लागत से कण्डाघाट में नागरिक अस्पताल का निर्माण कार्य अंतिम चरण में प्रगति पर है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार में ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मज़बूत करने के लिए ऐतिहासिक निर्णय लिए है ताकि हमारे किसानों और बागवानों की आमदनी में बढ़ौतरी हो सके। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा गाय के दूध का क्रय मूल्य 61 तथा भैंस का दूध का मूल्य 71 रुपए किया गया है। उन्होंने कहा प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए राजीव गांधी प्राकृतिक खेती स्टार्ट-अप योजना आरम्भ की गई है। योजना के तहत प्राकृतिक खेती से उगाए गए गेहूं का समर्थन मूल्य 80 रुपए, मक्की का समर्थन मूल्य 50 रुपए तथा कच्ची हल्दी का समर्थन मूल्य 150 रुपए प्रति किलो किया गया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा पहली बार अदरक का मूल्य भी 30 रुपए प्रति किलो ग्राम निर्धारित किया गया है ।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संदीप शर्मा

Share this story