धर्मशाला में 19 करोड़ से स्थापित होगा राज्य का पहला रिमोट सेंसिंग केंद्र : चंद्र कुमार
धर्मशाला, 15 अगस्त (हि.स.)। कृषि एवं पशुपालन मंत्री प्रो. चंद्र कुमार ने शनिवार को धर्मशाला के पुलिस मैदान में आयोजित जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह में राष्ट्रीय ध्वज फहराया तथा परेड का निरीक्षण कर मार्च पास्ट की सलामी ली। इससे पूर्व उन्होंने शहीद स्मारक पहुंचकर देश की आजादी के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की।
समारोह को संबोधित करते हुए कृषि एवं पशुपालन मंत्री ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल राष्ट्रीय पर्व ही नहीं, बल्कि उन महान स्वतंत्रता सेनानियों और वीर सैनिकों के त्याग, तपस्या और बलिदान को स्मरण करने का अवसर भी है, जिनके संघर्ष और बलिदान से देश को आजादी मिली। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश देवभूमि के साथ-साथ वीरभूमि भी है। प्रदेश के वीर जवानों ने देश की सीमाओं की रक्षा के लिए अदम्य साहस, पराक्रम और सर्वोच्च बलिदान की गौरवशाली परंपरा कायम की है।
प्रो. चंद्र कुमार ने कहा कि प्रदेश सरकार भी इसी भावना के साथ लोगों की सेवा करने और विकास योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश की अर्थव्यवस्था में कृषि और बागवानी का महत्वपूर्ण योगदान है तथा ग्रामीण क्षेत्रों में बड़ी संख्या में परिवार प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से कृषि पर निर्भर हैं। ऐसे में किसानों की आर्थिक स्थिति को मजबूत करना सरकार की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है।
उन्होंने कहा कि हरित क्रांति के दौर में रासायनिक उर्वरकों के अत्यधिक इस्तेमाल से कृषि उत्पादन में वृद्धि हुई, लेकिन दीर्घकाल में इसका मिट्टी की उर्वरता और प्राकृतिक संसाधनों पर प्रतिकूल प्रभाव भी पड़ा। आज ऐसी कृषि व्यवस्था की आवश्यकता है, जिसमें उत्पादन बढ़ाने के साथ-साथ मिट्टी, जल और पर्यावरण का संरक्षण भी सुनिश्चित हो।
उन्होंने कहा कि प्रदेश के युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए सरकार कड़े कदम उठा रही है। प्रदेशवासियों के सहयोग से ‘चिट्टा-मुक्त हिमाचल अभियान’ शुरू किया गया है और नशे के खिलाफ जनभागीदारी को और मजबूत किया जा रहा है।
समारोह के दौरान विभिन्न टुकड़ियों ने आकर्षक मार्च पास्ट प्रस्तुत किया जबकि सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए गए जबकि रैडक्राॅस के रैफल ड्राॅ भी निकाले गए। समारोह के दौरान विभिन्न सामाजिक संस्थाओं की ओर से जरूरतमंद एवं पात्र लोगों को सहायक उपकरण भी प्रदान किए गए। इस अवसर पर स्वतंत्रता सेनानियों एवं शहीदों के परिजनों को सम्मानित भी किया गया।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

