15 अगस्त की ग्राम सभा में अपनी आईडी बनवाएं सभी किसान

WhatsApp Channel Join Now

हमीरपुर, 12 अगस्त (हि.स.)। स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य पर 15 अगस्त को ग्राम पंचायत स्तर पर आयोजित की जा रही विशेष ग्राम सभाओं के दौरान किसानों के पंजीकरण (फार्मर रजिस्ट्रेशन) की प्रक्रिया भी पूर्ण की जाएगी। इस प्रक्रिया के दौरान किसानों की फार्मर आईडी बनाई जाएगी।

कृषि विभाग के उपनिदेशक डॉ. डीडी शर्मा ने बताया कि भविष्य में किसानों से संबंधित विभिन्न योजनाओं का क्रियान्वयन फार्मर आईडी के माध्यम से ही किया जाएगा। इसलिए, जिन किसानों ने अभी तक अपना पंजीकरण करवाकर अपनी आईडी नहीं बनवाई है, वे 15 अगस्त को विशेष ग्राम सभा में भाग लेकर अपना पंजीकरण अवश्य करवा लें।

कृषि उपनिदेशक ने बताया कि पंजीकरण करवाने और आईडी बनवाने के लिए किसान अपने साथ आधार कार्ड, आधार से लिंक मोबाइल नंबर, बैंक पासबुक और जमीन से संबंधित रिकॉर्ड साथ लाएं।

उन्होंने बताया कि पीएम-किसान सम्मान निधि का लाभ उठाने के लिए यह बहुत जरूरी है, क्योंकि पीएम-किसान सम्मान निधि और फार्मर रजिस्ट्री को इंटरलिंक किया गया है। फार्मर रजिस्ट्री एक ऐसी डिजिटल प्रणाली है, जिसमें हर किसान की एक आईडी बनाई जाती है और इसमें किसान की व्यक्तिगत जानकारी, जमीन का रिकार्ड, फसल की जानकारी, बैंक विवरण और अन्य महत्वपूर्ण जानकारियां दर्ज रहती हैं। फार्मर रजिस्ट्री के माध्यम से जहां एक ही आईडी से पीएम-किसान सम्मान निधि और कई अन्य योजनाओं से संबंधित भुगतान में तत्परता एवं पारदर्शिता सुनिश्चित होगी, वहीं विभिन्न योजनाओं के लिए अपात्र लोगों की पहचान भी होगी। फार्मर रजिस्ट्री के दौरान किसान की आधार नंबर से ई-केवाईसी की जाती है और उसकी जमीन का रिकार्ड राजस्व विभाग के डाटा से लिंक किया जाता है। किसान की व्यक्तिगत जानकारी और फसल का विवरण दर्ज करने के बाद फार्मर रजिस्ट्री नंबर या फार्मर आईडी जारी की जाती है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विशाल राणा

Share this story