आईआईटी मंडी ने पांच वर्षीय इंटीग्रेटेड एमबीए कार्यक्रम के तीसरे बैच के लिए आमंत्रित किए आवेदन

WhatsApp Channel Join Now
आईआईटी मंडी ने पांच वर्षीय इंटीग्रेटेड एमबीए कार्यक्रम के तीसरे बैच के लिए आमंत्रित किए आवेदन


मंडी, 07 मई (हि.स.)। आईआईटी मंडी ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए अपने पांच वर्षीय इंटीग्रेटेड एमबीए कार्यक्रम के तीसरे बैच के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। आईआईटी मंडी के प्रवक्ता ने बताया कि संस्थान यह इंटीग्रेटेड एमबीए कार्यक्रम विद्यार्थियों को कक्षा 12 के तुरंत बाद प्रबंधन में स्नातकोत्तर उपाधि प्राप्त करने का विशिष्ट अवसर प्रदान करता है, जिसमें स्नातक एवं स्नातकोत्तर अध्ययन को एकीकृत रूप से सम्मिलित किया गया है।

यह कार्यक्रम विद्यार्थियों को आज के गतिशील एवं प्रौद्योगिकी-आधारित व्यावसायिक परिवेश में सफल करियर हेतु सुदृढ़ आधार प्रदान करने के उद्देश्य से तैयार किया गया है। यह इंटीग्रेटेड एमबीए कार्यक्रम बीबीए इन एनालिटिक्स (ऑनर्स) तथा एमबीए इन डेटा साइंस एवं आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस को एकीकृत करता है, जिससे विद्यार्थियों को व्यवसाय प्रबंधन के साथ-साथ उन्नत विश्लेषणात्मक एवं कृत्रिम बुद्धिमत्ता-आधारित शिक्षा का व्यापक अकादमिक मार्ग प्राप्त होता है। यह कार्यक्रम विद्यार्थियों में प्रबल व्यावसायिक समझ विकसित करने के साथ डेटा साइंस एवं आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की दक्षताओं का विकास करता है, ताकि वे डेटा-आधारित वैश्विक परिदृश्य में नेतृत्वकारी भूमिकाओं के लिए तैयार हो सकें।

कार्यक्रम की एक प्रमुख विशेषता इसकी लचीली संरचना है, जिसमें विभिन्न चरणों पर बहु-निकास विकल्प उपलब्ध हैं, जिससे विद्यार्थी अपनी शैक्षणिक यात्रा के अलग-अलग स्तरों पर मान्यता प्राप्त उपाधियाँ अर्जित कर सकते हैं।

प्रवक्ता के अनुसार कुछ शर्तों को पूर्ण करने वाले अभ्यर्थी आवेदन हेतु पात्र होंगेः इनमें जेईई मेन स्कोरः

अभ्यर्थी ने जेईई मेन 2026 (पेपर-1) में वह न्यूनतम एनटीए स्कोर प्राप्त किया हो, जो जेईई एडवांस्ड 2026 हेतु पात्रता के लिए आवश्यक है।

जेईई मेन 2026 पेपर-1 का अंतिम एनटीए स्कोर, श्रेणीवार निर्धारित उस कट-ऑफ स्कोर के बराबर या उससे अधिक होना चाहिए, जो जेईई एडवांस्ड 2026 में सम्मिलित होने के लिए निर्धारित किया गया है। शैक्षणिक पृष्ठभूमिःअभ्यर्थी ने कक्षा 12 (या समकक्ष) स्तर पर गणित एवं अंग्रेजी विषयों का अध्ययन अनिवार्य रूप से किया हो।

शैक्षणिक प्रदर्शन

अभ्यर्थी ने कक्षा 12 में न्यूनतम 75 प्रतिशत अंक प्राप्त किए हों। अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति एवं दिव्यांग अभ्यर्थियों हेतु न्यूनतम अंक 65 प्रतिशत निर्धारित हैं।

अभ्यर्थियों की प्रारंभिक सूची जेईई मेन परीक्षा (पेपर-1) 2026 में प्राप्त अंतिम एनटीए स्कोर के आधार पर तैयार की जाएगी। चयनित अभ्यर्थियों को व्यक्तिगत साक्षात्कार हेतु आमंत्रित किया जाएगा। अंतिम चयन समग्र अंक प्रणाली के आधार पर किया जाएगा, जिसमें जेईई मेन परीक्षा (पेपर-1) 2026 के अंतिम एनटीए स्कोर को 70 प्रतिशत तथा व्यक्तिगत साक्षात्कार के प्रदर्शन को 30 प्रतिशत वेटेज प्रदान किया जाएगा।

सूचना के अनुसार शैक्षणिक सत्र 2026-27 हेतु सीटों की संख्या बढ़ाकर 80 कर दी गई है, जिनमें 20 प्रतिशत अतिरिक्त सीटें केवल छात्राओं के लिए आरक्षित हैं। यह संस्थान की लैंगिक समानता एवं विविधता को प्रोत्साहित करने की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

Share this story