हिमाचल प्रदेश को आईआईए राष्ट्रीय परिषद में प्रतिनिधित्व, नंद लाल चंदेल को किया शामिल
मंडी, 29 सितंबर (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश के वास्तुकार समुदाय के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि में आर्किटेक्ट नंद लाल चंदेल को 2026 से 2028 के कार्यकाल के लिए भारतीय वास्तुकार संस्थान आईआईए की राष्ट्रीय परिषद का सदस्य संयोजित किया गया है। ऐसा पहली बार हुआ है और यह सौभाग्य नंद लाल चंदेल को मिला है। इसे लेकर पूरे वास्तुकार जगत में खुशी की लहर है।
आर्किटेक्ट चंदेल लगातार दो कार्यकाल,l 2020 से 2023 और 2023 से 2026 तक, आईआईए हिमाचल प्रदेश चैप्टर के अध्यक्ष रहे हैं। वे हिमाचल प्रदेश सरकार के लोक निर्माण विभाग में मुख्य वास्तुकार के पद पर भी कार्य कर चुके हैं और काउंसिल ऑफ आर्किटेक्चर की कार्यकारिणी समिति के पूर्व सदस्य रहे हैं। आईआईए हिमाचल प्रदेश चौप्टर के अध्यक्ष के रूप में अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने पेशेवर बिरादरी को मजबूत करने और शैक्षणिक संस्थानों, निजी प्रैक्टिस और सरकारी विभागों के वास्तुकारों को एक साझा मंच पर लाने की दिशा में कार्य किया, साथ ही युवा वास्तुकारों और विद्यार्थियों की अधिक भागीदारी को प्रोत्साहित किया।
राष्ट्रीय परिषद में उनका मनोनयन आईआईए हिमाचल प्रदेश चैप्टर के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है, क्योंकि भारतीय वास्तुकार संस्थान की 109 वर्षों की यात्रा में हिमाचल प्रदेश को राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिनिधित्व मिला है।
आभार व्यक्त करते हुए आर्किटेक्ट नंद लाल चंदेल ने आईआईए के राष्ट्रीय अध्यक्ष आर्किटेक्ट जितेंद्र मेहता और पूरी राष्ट्रीय परिषद का उन पर विश्वास जताने और राष्ट्रीय परिषद में सेवा का अवसर प्रदान करने के लिए धन्यवाद किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

