73 साल की उम्र में फिर थामी किताबें, 51 साल बाद पुराने कॉलेज में दी परीक्षा
शिमला, 26 नवंबर (हि.स.)। बेटी की जान बचाने के लिए अपनी एक किडनी दान करने और पारिवारिक जिम्मेदारियों के चलते पढ़ाई से लंबा अंतराल आने के बाद भी 73 वर्षीय अनिल कुमार डोगरा ने शिक्षा हासिल करने का संकल्प नहीं छोड़ा। लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) से अधीक्षक पद से सेवानिवृत्त डोगरा ने 51 साल के अंतराल के बाद उसी सरकारी महाविद्यालय में परीक्षा दी, जहां से उन्होंने युवावस्था में पढ़ाई की थी। वर्तमान में वह इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू) के माध्यम से एमए कर रहे हैं।
इग्नू क्षेत्रीय केंद्र शिमला के सहायक क्षेत्रीय निदेशक डॉ. स्वप्निल गुप्ता के अनुसार जिला कांगड़ा के धर्मशाला के वार्ड नंबर छह के निवासी अनिल कुमार डोगरा ने वर्ष 2023 में दोबारा उच्च शिक्षा हासिल करने का निर्णय लिया था। इससे पहले वह पंजाब विश्वविद्यालय से लोक प्रशासन में एमए और कार्यालय संगठन एवं कार्यालय प्रबंधन में स्नातकोत्तर डिप्लोमा प्राप्त कर चुके हैं। वह पंजाब प्रशासन विभाग की करियर अवार्ड परियोजना के तहत प्रोजेक्ट फेलो के रूप में भी सेवाएं दे चुके हैं। व्यक्तिगत और पारिवारिक जिम्मेदारियों के कारण उनकी पढ़ाई में लंबा अंतराल आ गया था।
सहायक क्षेत्रीय निदेशक के मुताबिक पढ़ाई दोबारा शुरू करने के बाद डोगरा को गंभीर पारिवारिक परिस्थितियों का सामना करना पड़ा। अपनी बेटी की जान बचाने के लिए उन्होंने उसे अपनी एक किडनी दान की। इस कठिन परिस्थिति का उनके मानसिक और भावनात्मक जीवन पर असर पड़ा और उन्होंने पढ़ाई छोड़ने तक का विचार किया। हालांकि, इग्नू से मिले मार्गदर्शन और प्रोत्साहन के बाद उन्होंने अपनी पढ़ाई जारी रखने का निर्णय लिया।
उनकी इस शिक्षा यात्रा का एक खास पड़ाव करीब 51 साल बाद उसी सरकारी महाविद्यालय में परीक्षा देना रहा, जहां उन्होंने युवावस्था में शिक्षा हासिल की थी। वर्तमान में वह इग्नू के शिक्षार्थी सहायता केंद्र 1105 धर्मशाला के माध्यम से एमए की परीक्षा में शामिल हो रहे हैं। भविष्य में उनकी इग्नू के एमए गीता अध्ययन कार्यक्रम में प्रवेश लेने की भी इच्छा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

