आईजीएमसी में दो दिन बंद रहेगी ब्लॉक-डी की लिफ्ट

WhatsApp Channel Join Now
आईजीएमसी में दो दिन बंद रहेगी ब्लॉक-डी की लिफ्ट


शिमला, 10 जुलाई (हि.स.)। अगर आप 11 या 12 जुलाई को इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (आईजीएमसी) शिमला जाने की योजना बना रहे हैं, तो यह जानकारी आपके काम की है। अस्पताल के ब्लॉक-डी में लगी ओटीआईएस लिफ्ट इन दो दिनों तक बंद रहेगी। इसकी वजह लिफ्ट की मुख्य सस्पेंशन रोप्स (मेन सस्पेंशन रोप्स) को सुरक्षा के लिहाज से बदला जाना है। यह काम लोक निर्माण विभाग (विद्युत) की ओर से किया जाएगा।

आईजीएमसी प्रशासन के अनुसार रखरखाव कार्य के दौरान ब्लॉक-डी की लिफ्ट का संचालन पूरी तरह बंद रहेगा। मरीजों, उनके तीमारदारों, अस्पताल कर्मचारियों और अन्य लोगों की सुविधा के लिए ब्लॉक-ई में लगी लिफ्ट का इस्तेमाल किया जा सकेगा। अस्पताल प्रशासन ने लोगों से इसी वैकल्पिक व्यवस्था का उपयोग करने की अपील की है।

अस्पताल का कहना है कि लिफ्ट के मुख्य सस्पेंशन रोप्स बदले जाना नियमित सुरक्षा प्रक्रिया का हिस्सा है। इस काम का उद्देश्य लिफ्ट का सुरक्षित संचालन सुनिश्चित करना है। प्रशासन ने इस दौरान होने वाली असुविधा के लिए खेद जताते हुए सभी से सहयोग की अपील की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Share this story