केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर जाएंगे आईएएस राकेश प्रजापति, केंद्र में निदेशक की जिम्मेदारी
शिमला, 22 जुलाई (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश कैडर के आईएएस अधिकारियों को केंद्र सरकार में अहम जिम्मेदारियां मिलने का सिलसिला जारी है। हाल ही में आईएएस निपुण जिंदल की केंद्रीय प्रतिनियुक्ति की अधिसूचना जारी होने के बाद अब 2012 बैच के आईएएस अधिकारी राकेश कुमार प्रजापति को भी केंद्र सरकार में नई जिम्मेदारी मिली है। उन्हें केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर उद्योग और आंतरिक व्यापार संवर्धन विभाग (डीपीआईआईटी), नई दिल्ली में निदेशक नियुक्त किया गया है।
भारत सरकार के कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग (डीओपीटी) द्वारा जारी आदेश के अनुसार राकेश कुमार प्रजापति की नियुक्ति को मंजूरी दे दी है। उनकी नियुक्ति केंद्रीय स्टाफिंग योजना के तहत की गई है। उनका कार्यकाल पदभार ग्रहण करने की तारीख से पांच वर्ष या अगले आदेश तक, जो भी पहले हो, रहेगा।
डीओपीटी ने हिमाचल प्रदेश के मुख्य सचिव को निर्देश दिए हैं कि राकेश कुमार प्रजापति को तत्काल वर्तमान जिम्मेदारियों से कार्यमुक्त किया जाए, जिससे वे नई दिल्ली में अपना नया दायित्व संभाल सकें।
आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि वर्ष 2005 में जारी डीओपीटी के दिशा-निर्देशों के अनुसार अधिकारी को नियुक्ति आदेश जारी होने की तारीख से तीन सप्ताह के भीतर नए पद पर कार्यभार ग्रहण करना होगा। निर्धारित समय के भीतर कार्यभार नहीं संभालने पर केंद्रीय स्टाफिंग योजना से डिबार करने की प्रक्रिया शुरू की जा सकती है।
निपुण जिंदल भी हाल ही में पहुंचे केंद्र
इससे पहले हिमाचल प्रदेश कैडर के आईएएस अधिकारी निपुण जिंदल की केंद्रीय प्रतिनियुक्ति की अधिसूचना भी जारी हुई थी। उन्हें केंद्र सरकार के आर्थिक मामलों के विभाग में उप सचिव नियुक्त किया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

