फीस वृद्धि के विरोध में व छात्र संघ चुनाव की बहाली हेतु अभाविप की भूख हड़ताल शुरू
नाहन, 12 अगस्त (हि.स.)। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) नाहन इकाई द्वारा हिमाचल प्रदेश के विद्यार्थियों से जुड़ी प्रदेश स्तरीय मांगों को लेकर बुधवार को भूख हड़ताल शुरू की। इसके माध्यम से अभाविप कार्यकर्ताओं एवं विद्यार्थियों ने प्रदेश सरकार तथा विश्वविद्यालय प्रशासन से छात्रहित में तत्काल आवश्यक कदम उठाने की मांग की।
अभाविप ने प्रदेश में विद्यार्थियों पर बढ़ते आर्थिक बोझ को लेकर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय द्वारा फीस में की गई 25 से 30 प्रतिशत तक की वृद्धि विद्यार्थी वर्ग के हित में नहीं है। फीस वृद्धि के कारण विशेष रूप से सामान्य एवं आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों से आने वाले विद्यार्थियों पर अतिरिक्त आर्थिक भार पड़ेगा। शिक्षा प्रत्येक विद्यार्थी का अधिकार है और शिक्षा को लगातार महंगा करना विद्यार्थियों के हितों के साथ अन्याय है।
इस अवसर पर अभाविप नाहन इकाई मंत्री साहिल ठाकुर ने कहा कि हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय द्वारा फीस में 25 से 30 प्रतिशत तक की वृद्धि करना विद्यार्थी हितों के साथ न्याय नहीं है। प्रदेश के हजारों विद्यार्थी सामान्य एवं मध्यमवर्गीय परिवारों से आते हैं। पहले से ही शिक्षा, आवास और अन्य आवश्यक खर्चों का बोझ विद्यार्थियों एवं उनके परिवारों पर है, ऐसे में फीस वृद्धि कर उन पर अतिरिक्त आर्थिक भार डालना उचित नहीं है। अभाविप इस निर्णय का स्पष्ट रूप से विरोध करती है और मांग करती है कि फीस वृद्धि को तत्काल वापस लिया जाए
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर

