एचआरटीसी में जल्द लागू होगा ‘हिम बस प्लस’ कार्ड, बंद होंगे ग्रीन, स्मार्ट और सम्मान कार्ड

WhatsApp Channel Join Now
एचआरटीसी में जल्द लागू होगा ‘हिम बस प्लस’ कार्ड, बंद होंगे ग्रीन, स्मार्ट और सम्मान कार्ड


शिमला, 05 अगस्त (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) जल्द ही यात्रियों के लिए नई डिजिटल टिकट और रियायत व्यवस्था लागू करने जा रहा है। इसके तहत मौजूदा ग्रीन कार्ड, स्मार्ट कार्ड और सम्मान कार्ड की जगह 'हिम बस प्लस कार्ड' शुरू किया जाएगा। सरकार से स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर (एसओपी) को मंजूरी मिलने के बाद नए ग्रीन, स्मार्ट और सम्मान कार्ड जारी करना बंद कर दिया जाएगा। इसके बाद रियायती यात्रा का लाभ हिम बस प्लस कार्ड के माध्यम से मिलेगा। हालांकि जिन यात्रियों के पास पहले से ग्रीन, स्मार्ट या सम्मान कार्ड हैं, वे उनकी एक वर्ष की वैधता पूरी होने तक पहले की तरह इनका उपयोग कर सकेंगे।

एचआरटीसी के अनुसार हिम बस प्लस कार्ड की वार्षिक सदस्यता 365 रुपये होगी। इस कार्ड के जरिए प्रदेश के भीतर और एचआरटीसी की दूसरे राज्यों में चलने वाली बसों में किराए पर 5 से 15 प्रतिशत तक की छूट मिलेगी। कार्ड को डिजिटल वॉलेट की तरह भी इस्तेमाल किया जा सकेगा और इसे गूगल पे, पेटीएम सहित अन्य ऑनलाइन माध्यमों से रिचार्ज किया जा सकेगा। नियमित यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए कैशबैक की सुविधा भी होगी। यात्रा पर मासिक खर्च के आधार पर 100 रुपये से लेकर 2 हज़ार रुपये तक की राशि कार्ड में वापस मिलेगी।

नई व्यवस्था में महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों को भी अतिरिक्त लाभ मिलेगा। महिलाओं को प्रदेश से बाहर चलने वाली एचआरटीसी बसों में भी किराए में रियायत दी जाएगी। वहीं 60 वर्ष या उससे अधिक आयु के यात्रियों को वोल्वो और हिमधारा बसों में 15 प्रतिशत तथा अन्य यात्रियों को 5 प्रतिशत तक किराया छूट मिलेगी। छोटे जिन बच्चों से बसों में किराया नहीं लिया जाता, उन्हें अलग कार्ड की जरूरत नहीं होगी। जिन बच्चों से आधा किराया लिया जाता है, उनके लिए अलग हिम बस प्लस कार्ड बनवाना होगा।

एचआरटीसी ने इस कार्ड के लिए ऑनलाइन पोर्टल भी तैयार कर लिया है। एसओपी जारी होने के बाद यात्री मोबाइल या कंप्यूटर के माध्यम से घर बैठे आवेदन कर सकेंगे। यह कार्ड नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड (एनसीएमसी) तकनीक पर आधारित होगा। भविष्य में इसका उपयोग दिल्ली मेट्रो के साथ पंजाब और हरियाणा की कुछ सार्वजनिक परिवहन सेवाओं में भी किया जा सकेगा। एचआरटीसी की बसों में प्रतिदिन पांच लाख से अधिक और हर महीने करीब 1.50 करोड़ यात्री सफर करते हैं। निगम के पास इस समय 2,916 बसें हैं, जिनमें साधारण, वोल्वो, हिमधारा और इलेक्ट्रिक बसें शामिल हैं। परिवहन मंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि हिम बस प्लस कार्ड से विभिन्न रियायत योजनाओं को एक ही कार्ड में जोड़ा जाएगा और यात्रियों को अधिक सरल, डिजिटल और किफायती यात्रा सुविधा मिलेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Share this story