हिमाचल में नीट अभ्यर्थियों को एचआरटीसी बसों में परीक्षा केंद्र तक मुफ्त सफर की सुविधा

WhatsApp Channel Join Now
हिमाचल में नीट अभ्यर्थियों को एचआरटीसी बसों में परीक्षा केंद्र तक मुफ्त सफर की सुविधा


शिमला, 19 जून (हि.स.)। राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट-2026) में शामिल होने जा रहे हिमाचल प्रदेश के हजारों अभ्यर्थियों के लिए राहत भरी खबर है। परीक्षा केंद्र तक पहुंचने और वापस घर लौटने के लिए अब उन्हें बस किराए की चिंता नहीं करनी होगी। हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) ने 21 जून को आयोजित होने वाली नीट-2026 परीक्षा में भाग लेने वाले सभी अभ्यर्थियों को अपनी साधारण बसों में निःशुल्क यात्रा सुविधा देने का निर्णय लिया है। इस सुविधा का उद्देश्य विद्यार्थियों की यात्रा को आसान और सुरक्षित बनाना है, ताकि वे बिना किसी अतिरिक्त आर्थिक बोझ के परीक्षा केंद्र तक पहुंच सकें।

एचआरटीसी के एक प्रवक्ता ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अभ्यर्थी अपने नीट-2026 के प्रवेश पत्र को पहचान पत्र, निवास स्थान और परीक्षा केंद्र के प्रमाण के रूप में दिखाकर इस सुविधा का लाभ उठा सकते हैं। उन्होंने कहा कि यह रियायत विद्यार्थियों के हितों को ध्यान में रखते हुए दी जा रही है, क्योंकि नीट देश की सबसे महत्वपूर्ण प्रवेश परीक्षाओं में से एक है और बड़ी संख्या में छात्र इसमें भाग लेते हैं।

निगम के अनुसार निःशुल्क यात्रा की सुविधा अभ्यर्थियों को अपने घर से परीक्षा केंद्र तक जाने और परीक्षा के बाद एक बार वापस लौटने के लिए मिलेगी। यह रियायत 20 जून से 22 जून, 2026 तक मान्य रहेगी, ताकि दूर-दराज क्षेत्रों से आने वाले विद्यार्थियों को भी सुविधा मिल सके। हालांकि यह सुविधा केवल एचआरटीसी की साधारण बसों में ही उपलब्ध होगी।

एचआरटीसी ने सुविधा के दुरुपयोग को रोकने के लिए भी आवश्यक व्यवस्था की है। बस परिचालकों को निर्देश दिए गए हैं कि वे रियायत के तहत यात्रा करने वाले अभ्यर्थियों का आवश्यक विवरण उनके प्रवेश पत्र पर दर्ज करें। वहीं, सभी इकाई अधिकारियों को इन आदेशों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने और लाभ लेने वाले विद्यार्थियों का पूरा रिकॉर्ड रखने के निर्देश जारी किए गए हैं। निगम का कहना है कि इस पहल से नीट अभ्यर्थियों को बड़ी राहत मिलेगी और परीक्षा के दिन उनकी यात्रा अधिक सुगम हो सकेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Share this story