एचआरटीसी के नाहन डिपो में टायरों की कमी के चलते 11 बसों के थमे पहिये

WhatsApp Channel Join Now

नाहन, 15 अक्टूबर (हि.स.)। हिमाचल पथ परिवहन निगम के नाहन डिपो में टायरों की भारी कमी के चलते बसों के पहिए थमने लगे हैं। टायर न मिलने के कारण पिछले तीन दिन से 11 बसें खड़ी हैं। इसके चलते बस रूटों के प्रभावित होने की संभावना बढ़ गई है।

जानकारी मिल रही है कि फिलहाल कुछ रूटों को क्लब करके चलाया जा रहा है। कुछेक रूटों पर सेवाएं भी प्रभावित हो रही हैं। टायरों की किल्लत यदि जल्द दूर नहीं हुई तो आने वाले दिनों में कई रूटों पर बस सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं। इससे यात्रियों समेत स्कूल-कॉलेज जाने वाले विद्यार्थियों के साथ साथ नौकरीपेशा लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है।

उल्लेखनीय है कि कभी एचआरटीसी का कमाऊ पूत कहलाने वाला सिरमौर जिले का एकमात्र नाहन डिपो पिछले कुछ समय से बदहाली के दौर से जूझ रहा है। कभी डीजल की कमी तो कभी स्पेयर पार्ट्स उपलब्ध न होने के कारण बसों का संचालन प्रभावित हो रहा है।

डिपो में पिछले एक सप्ताह से टायरों की कमी बनी हुई है। इसके चलते कई बसें आधे रूटों पर भेजी जा रही हैं। एक-दो रूट सस्पेंड भी हो रहे हैं।

पहले से बंद रूटों के कारण यात्रियों को अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए वैकल्पिक साधनों पर निर्भर रहना पड़ रहा है। वहीं, क्लब किए गए रूटों पर बसों की उपलब्धता और समय-सारणी के अनुसार यात्रियों को सफर की योजना बनानी पड़ रही है।

नाहन डिपो के उपमंडलीय प्रबंधक रामदयाल ने टायरों की कमी के चलते बसें खड़ी होने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि टायर की कमी से 11 बसें खड़ी हैं। टायर उपलब्ध होते ही सभी प्रभावित रूट बहाल कर दिए जाएंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

761595 Articles

Share this story