धनतेरस पर एचआरटीसी कर्मचारियों को पांच प्रतिशत महंगाई भत्ता जारी

WhatsApp Channel Join Now
धनतेरस पर एचआरटीसी कर्मचारियों को पांच प्रतिशत महंगाई भत्ता जारी


शिमला, 06 नवंबर (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) के करीब 12 हजार कर्मचारियों को दीपावली से पहले पांच प्रतिशत महंगाई भत्ते (डीए) की किस्त जारी की गई है। धनतेरस के अवसर पर शुक्रवार को निगम ने कर्मचारियों के लिए यह किस्त जारी कर दी। इससे चालकों, परिचालकों, मैकेनिकों और कार्यालय कर्मचारियों को राहत मिली है। अगले महीने से पांच प्रतिशत महंगाई भत्ते की यह किस्त कर्मचारियों के मासिक वेतन के साथ नियमित रूप से मिलेगी।

राज्य सरकार ने इस वर्ष पर्यटन विकास निगम, बिजली बोर्ड और नगर निगम के कर्मचारियों को भी पांच प्रतिशत महंगाई भत्ते की किस्त जारी की है। इसी क्रम में एचआरटीसी कर्मचारियों को भी यह लाभ दिया गया है। निगम कर्मचारियों की ओर से लंबे समय से महंगाई भत्ते की किस्त जारी करने की मांग की जा रही थी। सरकार के इस कदम से त्योहारी सीजन में कर्मचारियों को आर्थिक राहत मिलेगी।

एचआरटीसी के पेंशनरों को भी सरकार ने तीन प्रतिशत महंगाई भत्ते की किस्त जारी की है। यह राशि अब उनकी पेंशन के साथ मिलेगी।

उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि राज्य सरकार कर्मचारियों के हितों और उनके कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। सरकार कर्मचारियों की लंबित देनदारियों का भुगतान समय-समय पर कर रही है। उन्होंने कहा कि एचआरटीसी कर्मचारियों को अगले महीने से पांच प्रतिशत महंगाई भत्ते की किस्त वेतन के साथ दी जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

773520 Articles

Share this story