शिमला में एचआरटीसी बस दुर्घटनाग्रस्त, राहत व बचाव टीमें रवाना
शिमला, 15 जुलाई (हि.स.)। शिमला जिले के रामपुर उपमंडल में बुधवार शाम एचआरटीसी की एक बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हादसा ननखड़ी थाना क्षेत्र के तहत गडरेला के पास हुआ। बस रामपुर से खडेला के लिए खडान खोली घाट मार्ग से जा रही थी। हादसे के समय बस में करीब 15 यात्री सवार थे।
पुलिस के अनुसार दुर्घटना के दौरान बस सड़क से बेकाबू होकर तीन बार पलटी। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन हरकत में आ गए।
ननखड़ी थाना प्रभारी ने दूरभाष पर बताया कि दुर्घटनास्थल थाना क्षेत्र से काफी दूर है। सूचना मिलने के बाद वह पुलिस टीम व राहत्व बचाव दलों के साथ मौके के लिए रवाना हो गए हैं।
फिलहाल यात्रियों की स्थिति और हादसे में किसी के घायल होने या हताहत होने की आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस ने कहा है कि मौके पर पहुंचने के बाद स्थिति का आकलन किया जाएगा और विस्तृत जानकारी बाद में जारी की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

