विश्वविद्यालय की स्वायत्तता की रक्षा को शिक्षकों का आंदोलन जारी

WhatsApp Channel Join Now

शिमला, 06 अक्टूबर (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय शिक्षक कल्याण संघ के आह्वान पर हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय की स्वायत्तता और अकादमिक स्वतंत्रता की रक्षा को लेकर चल रहा शांतिपूर्ण आंदोलन एक माह से अधिक समय बाद भी जारी है। विश्वविद्यालय के शिक्षक, गैर-शिक्षक कर्मचारी, शोधार्थी और विद्यार्थी प्रस्तावित प्रावधानों के विरोध में एकजुट होकर आवाज उठा रहे हैं।

शिक्षक कल्याण संघ ने कहा कि विश्वविद्यालय की स्वायत्तता केवल प्रशासनिक व्यवस्था नहीं, बल्कि उसकी अकादमिक स्वतंत्रता, संस्थागत पहचान और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की आधारशिला है। संघ के अनुसार, यदि शैक्षणिक और प्रशासनिक निर्णयों के लिए बार-बार बाहरी अनुमति लेनी पड़ी तो विश्वविद्यालय की स्वतंत्र निर्णय लेने की क्षमता प्रभावित होगी और उसकी कार्यप्रणाली पर प्रतिकूल असर पड़ेगा।

डॉ. शशि कांत ने कहा कि स्वायत्तता विश्वविद्यालय की अकादमिक पहचान और स्वतंत्र निर्णय लेने की क्षमता का मूल आधार है। उन्होंने आंदोलन में विश्वविद्यालय समुदाय की एकजुटता बनाए रखने का आह्वान किया।

डॉ. राकेश सिंह ने कहा कि स्वायत्तता प्रभावी निर्णय प्रक्रिया के लिए आवश्यक है। प्रत्येक निर्णय में बाहरी अनुमति की आवश्यकता होने से प्रशासनिक और शैक्षणिक प्रक्रियाएं प्रभावित होंगी।

डॉ. राजेश शर्मा ने कहा कि विश्वविद्यालय निर्णय लेने वाली संस्था है, केवल अनुमति लेने वाली नहीं। उन्होंने कहा कि स्वायत्तता में कमी का सीधा प्रभाव शिक्षकों, शोधार्थियों और विद्यार्थियों पर पड़ेगा।

डॉ. शिव दास कटोच ने कहा कि अनावश्यक हस्तक्षेप से शोध, नवाचार और उच्च शिक्षा की गुणवत्ता प्रभावित हो सकती है। उन्होंने लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन को मजबूत करने की अपील की।

शिक्षक कल्याण संघ के अध्यक्ष प्रो. नितिन व्यास ने कहा कि एक माह से अधिक समय से जारी आंदोलन विश्वविद्यालय समुदाय की एकजुटता का प्रमाण है। उन्होंने स्पष्ट किया कि स्वायत्तता से कोई समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।

संयुक्त सचिव डॉ. अंजली शर्मा ने कहा कि शिक्षक, कर्मचारी, शोधार्थी और विद्यार्थी विश्वविद्यालय की स्वायत्तता की रक्षा के लिए एकजुट हैं। संघ ने आंदोलन को शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से आगे भी जारी रखने की बात कही।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील शुक्ला

Share this story