बेटियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाने के लिए करवाएं एचपीवी टीकाकरण

WhatsApp Channel Join Now
बेटियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाने के लिए करवाएं एचपीवी टीकाकरण


बेटियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाने के लिए करवाएं एचपीवी टीकाकरण


मंडी, 15 सितंबर (हि.स.)। मंडी जिला में किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे ह्यूमन पैपिलोमा वायरस एचपीवी टीकाकरण अभियान को लेकर उपायुक्त अपूर्व देवगन ने अभिभावकों से स्वेच्छा से आगे आकर अपनी पात्र बच्चियों का टीकाकरण करवाने की अपील की है। वे आज यहां जिला में टीकाकरण अभियान सहित विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा कर रहे थे। उपायुक्त ने कहा कि बेटियां समाज की अमूल्य धरोहर हैं और उनके अच्छे स्वास्थ्य की जिम्मेदारी हम सभी की है। उन्होंने कहा कि एचपीवी टीका सर्वाइकल कैंसर से बचाव में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

उन्होंने अभिभावकों से आग्रह किया कि वे किसी भी तरह की अफवाह या भ्रामक जानकारी पर ध्यान न दें तथा टीकाकरण से संबंधित सही जानकारी स्वास्थ्य विभाग से प्राप्त करें।

उपायुक्त ने बताया कि मंडी जिला में अब तक 3,445 बच्चियों का एचपीवी टीकाकरण किया जा चुका है। जिला प्रशासन का प्रयास है कि सभी पात्र किशोरियों को इस सुरक्षा कवच का लाभ मिले।

उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों, स्वास्थ्य कर्मियों, स्कूल प्रबंधन तथा आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को निर्देश दिए कि वे ग्रामीण और दूरदराज के क्षेत्रों में भी एचपीवी टीकाकरण के महत्व को लेकर लोगों को जागरूक करें और अधिक से अधिक पात्र बच्चियों को अभियान से जोड़ें। एचपीवी एक सामान्य वायरस है, जिसके कुछ प्रकार सर्वाइकल कैंसर का प्रमुख कारण बन सकते हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

Share this story