विश्वविद्यालय की स्वायत्तता काे लेकर राज्यपाल से मिला शिक्षक प्रतिनिधिमंडल
शिमला, 26 नवंबर (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय की स्वायत्तता, अकादमिक स्वतंत्रता और संस्थागत ढांचे की रक्षा को लेकर हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय शिक्षक कल्याण संघ का आंदोलन लगातार जारी है। विश्वविद्यालय संशोधन विधेयक के विरोध में शिक्षक पिछले 85 दिनों से कुलपति कार्यालय के बाहर शांतिपूर्ण धरने पर बैठे हैं।
इसी क्रम में विश्वविद्यालय शिक्षक कल्याण संघ की कार्यकारिणी के प्रतिनिधिमंडल ने प्रदेश के राज्यपाल से मुलाकात कर विश्वविद्यालय की स्वायत्तता, कुलपति नियुक्ति प्रक्रिया तथा प्रस्तावित संशोधन विधेयक से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की। प्रतिनिधिमंडल ने विश्वविद्यालय की ऐतिहासिक संस्थागत संरचना और स्थापित वैधानिक व्यवस्था को सुरक्षित रखने का आग्रह किया। राज्यपाल ने उनकी बातों को गंभीरता से सुना और मुद्दों पर विचार करने का आश्वासन दिया।
संघ ने कहा कि विश्वविद्यालय की स्वायत्तता अकादमिक स्वतंत्रता, शोध, नवाचार और संस्थागत विकास का आधार है। विश्वविद्यालय की समस्याओं का समाधान स्वायत्तता सीमित करके नहीं, बल्कि पर्याप्त संसाधन, योग्य मानवशक्ति और मजबूत अकादमिक व्यवस्था उपलब्ध करवाकर किया जाना चाहिए।
पूर्व पदाधिकारियों एवं वरिष्ठ शिक्षाविदों प्रो. डी.डी. शर्मा, प्रो. चंद्र मोहन परशिरा और प्रो. दूनी चंद के मार्गदर्शन में मिले प्रतिनिधिमंडल में अध्यक्ष प्रो. नितिन व्यास, उपाध्यक्ष डॉ. योगराज, सचिव डॉ. अंकुश भारद्वाज सहित अन्य पदाधिकारी शामिल रहे।
हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय शिक्षक कल्याण संघ के अध्यक्ष डॉ. नितिन व्यास ने बताया कि विश्वविद्यालय की स्वायत्तता और अकादमिक स्वतंत्रता की रक्षा के लिए उसका शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक आंदोलन जारी रहेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील शुक्ला

