हिमाचल विवि में एसएफआई का प्रदर्शन, फीस वृद्धि वापस लेने और एससीए चुनाव बहाल करने की मांग

WhatsApp Channel Join Now
हिमाचल विवि में एसएफआई का प्रदर्शन, फीस वृद्धि वापस लेने और एससीए चुनाव बहाल करने की मांग


शिमला, 19 अगस्त (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय (एचपीयू) में छात्र संगठन स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसएफआई) ने बुधवार को विश्वविद्यालय प्रशासन की नीतियों के खिलाफ प्रदर्शन किया। संगठन ने आरोप लगाया कि विश्वविद्यालय प्रशासन छात्रों से जुड़े मुद्दों पर ध्यान नहीं दे रहा है और हाल में बढ़ाई गई फीस से विद्यार्थियों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ा है।

एसएफआई की एचपीयू इकाई के अनुसार संगठन ने इससे पहले 12 अगस्त को भी परिसर में सांकेतिक प्रदर्शन किया था। उस दौरान प्रशासन को फीस वृद्धि वापस लेने और छात्रों की मांगों पर विचार करने के लिए चेतावनी दी गई थी। संगठन का कहना है कि इसके बाद भी प्रशासन की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया, जिसके चलते उसे फिर से आंदोलन करना पड़ा।

विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित प्रदर्शन को संबोधित करते हुए छात्र नेताओं अंकिता, मुकेश और विक्की भारती ने कहा कि बढ़ी हुई फीस का सबसे अधिक असर सामान्य और ग्रामीण पृष्ठभूमि से आने वाले विद्यार्थियों पर पड़ रहा है। उनका कहना था कि उच्च शिक्षा सभी छात्रों की पहुंच में रहनी चाहिए और फीस में बढ़ोतरी से कई छात्रों के सामने पढ़ाई जारी रखने की चुनौती खड़ी हो सकती है।

प्रदर्शन के दौरान एसएफआई ने विश्वविद्यालय में छात्र मध्यस्थ संघ (एससीए) चुनाव बहाल करने की मांग भी उठाई। संगठन के कैंपस सचिव मुकेश ने कहा कि लंबे समय से एससीए चुनाव नहीं हो रहे हैं। उनका कहना था कि छात्र प्रतिनिधियों के चुनाव लोकतांत्रिक प्रक्रिया का हिस्सा हैं और इनके माध्यम से विद्यार्थी अपनी समस्याएं प्रशासन के सामने प्रभावी ढंग से रख सकते हैं।

एसएफआई ने आरोप लगाया कि विश्वविद्यालय प्रशासन छात्रों की आवाज को पर्याप्त महत्व नहीं दे रहा है। संगठन ने कहा कि यदि छात्रों से जुड़े मुद्दों का समाधान नहीं किया गया और उनकी मांगों पर विचार नहीं हुआ तो आंदोलन को आगे और व्यापक रूप दिया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Share this story