हिमाचल यूनिवर्सिटी में पीजी और डिप्लोमा दाखिले की मेरिट सूची 18 जुलाई को होगी जारी
शिमला, 17 जुलाई (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय (एचपीयू) में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए विभिन्न स्नातकोत्तर (पीजी) और डिप्लोमा पाठ्यक्रमों में प्रवेश लेने वाले अभ्यर्थियों का इंतजार अब खत्म होने वाला है। विश्वविद्यालय ने 18 जुलाई को प्रवेश के लिए मेरिट सूची और दाखिला परिणाम जारी करने का फैसला किया है।
विश्वविद्यालय के डीन ऑफ स्टडीज कार्यालय की ओर से जारी अधिसूचना में कहा गया है कि इससे पहले 8 जुलाई को जारी नोटिस के तहत विभिन्न पीजी और डिप्लोमा पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए हुई काउंसलिंग और साक्षात्कार के परिणाम 17 जुलाई तक रोके गए थे। यह समय उन अभ्यर्थियों को दिया गया था, जिनके अर्हता परीक्षा (क्वालिफाइंग एग्जामिनेशन) के परिणाम उस समय लंबित थे और जिन्हें अपने परिणाम विश्वविद्यालय में जमा करने थे।
विश्वविद्यालय ने अब स्पष्ट किया है कि अर्हता परीक्षा के परिणाम जमा करने की निर्धारित अवधि समाप्त हो चुकी है। इसी को देखते हुए सभी शिक्षण विभागों के अध्यक्षों और निदेशकों को 18 जुलाई को निर्धारित प्रवेश कार्यक्रम के अनुसार मेरिट सूची और प्रवेश परिणाम घोषित करने तथा प्रकाशित करने के निर्देश दिए गए हैं।
डीन ऑफ स्टडीज की ओर से जारी नोटिस में कहा गया है कि 18 जुलाई को मेरिट सूची और प्रवेश परिणाम घोषित करने की औपचारिक स्वीकृति भी प्रदान कर दी गई है। इसके बाद संबंधित विभाग अपने-अपने पाठ्यक्रमों की मेरिट सूची जारी करेंगे और विश्वविद्यालय की निर्धारित प्रवेश प्रक्रिया के अनुसार आगे की कार्रवाई करेंगे।
यह निर्णय उन अभ्यर्थियों के लिए महत्वपूर्ण है, जिन्होंने प्रवेश परीक्षा या मेरिट के आधार पर विश्वविद्यालय के विभिन्न पीजी और डिप्लोमा कार्यक्रमों में प्रवेश के लिए आवेदन किया है। अब वे 18 जुलाई को संबंधित विभागों की ओर से जारी होने वाली मेरिट सूची और प्रवेश परिणाम देख सकेंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

