तकनीकी विवि की प्रवेश परीक्षा का परिणाम घोषित

WhatsApp Channel Join Now

हमीरपुर, 08 जून (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश तकनीकी विश्वविद्यालय हमीरपुर ने प्रवेश परीक्षा (एचपीसीईटी-2026) का परिणाम घोषित किया है। तकनीकी विवि की प्रवेश परीक्षा में इस वर्ष 9044 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था, जिसमें से 8584 अभ्यर्थियों ने प्रवेश परीक्षा दी थी। बीटेक की प्रवेश परीक्षा में केशव जसवाल ने 600 में से 493 अंक लेकर प्रथम स्थान हासिल किया है। बीटेक की प्रवेश परीक्षा में कुल 4973 अभ्यर्थियों ने भाग लिया था। वहीं, बी फार्मेसी में 2680 अभ्यर्थियों में से रिधिमा ने 600 में से 552 अंक लेकर पहला स्थान हासिल किया है।

एमबीए की प्रवेश परीक्षा में मोहम्मद इरफान ने 300 में से 218 अंक लेकर पहला स्थान प्राप्त किया। एमबीए की प्रवेश परीक्षा में कुल 263 अभ्यर्थियों ने भाग लिया था। एमसीए में रितिक ने 300 में से 250 अंक लेकर प्रथम स्थान हासिल किया।

एमबीए पर्यटन में पल्लवी ठाकुर ने 300 में से 208 अंक हासिल कर प्रथम रही। एमएससी भौतिक विज्ञान में धीरज ने 100 में से 23 अंक लेकर प्रथम स्थान हासिल किया। पर्यावरण विज्ञान में पहले स्थान पर रहे आदित्य ने 100 में से 34.50 अंक प्राप्त किए। बीएससी एचएमसीटी में राशि शर्मा ने 100 में से 71.75 अंक और बीएचएमसीटी में सक्षम ने 100 में से 52.75 अंक प्राप्त किए।

तकनीकी विवि के कुलसचिव एवं परीक्षा नियंत्रक अनुपम कुमार ठाकुर ने कहा कि नौ व 10 मई को प्रवेश परीक्षा प्रदेश के 16 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की थी। उन्होंने कहा कि प्रवेश परीक्षा का परिणाम तकनीकी विवि की वेबसाइट पर उपलब्ध है। प्रवेश परीक्षा देने वाले अभ्यर्थी वहां अपना परिणाम देख सकते हैं। उन्होंने कहा कि जल्द ही काउंसलिंग प्रक्रिया के लिए आवेदन करने की ऑनलाइन प्रक्रिया संबंधित अधिसूचना जारी की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील शुक्ला

Share this story