व्यक्ति, समाज और पर्यावरण केंद्रित हो नए आविष्कारः प्रो दीपांकर

WhatsApp Channel Join Now

हमीरपुर, 31 अक्टूबर (हि.स.)। समाज की जरूरत, मानव केंद्रित दृष्टिकोण और पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखकर ही नवाचार और नए आविष्कार करना चाहिए। जिस समस्या के समाधान को समाज की अपेक्षा है, उसे ध्यान में रखकर समाज के अंतिम व्यक्ति तक हमारे नए आविष्कार करने होंगे। यह बात हिमाचल प्रदेश तकनीकी विश्वविद्यालय हमीरपुर में चल रहे तीन दिवसीय वार्षिक टेक फेस्ट चैतन्य-2026 के दूसरे दिन आईआईटी मंडी के सेंटर फॉर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एंड रोबोटिक्स के प्रो दीपांकर देब ने कही।

उन्होंने टेक फेस्ट के दूसरे दिन बतौर मुख्यावक्ता व्याख्यान में शिरकत की। उन्होंने कहा कि नए स्टार्टअप समाज और मानव केंद्रित होने चाहिए, जिससे समाज का उत्थान और भारत विकसित भारत का संकल्प पूरा हो सकें। उन्होंने कहा कि जिस नए आविष्कार के केंद्र में पर्यावरण संरक्षण भी नहीं होगा, वह भी समाज के लिए घातक है।

उन्होंने युवाओं से समाज की समस्या को चिन्हित कर उनके समाधान करने की दिशा में नए आविष्कार और स्टार्टअप पर कार्य करने का आह्वान किया। साथ ही आईआईटी मंडी में चल रहे सेंटर फॉर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एंड रोबोटिक्स सहित अन्य स्टार्टअप के बारे में जानकारी साझा की। इस मौके पर चैतन्य टेक फेस्ट में आए विभिन्न शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थी व प्राध्यापक उपस्थित रहे।

-----------

दूसरे दिन हुए मुकाबले, समापन आज

-------

चैतन्य टेक फेस्ट के समन्वयक कृष कान्हा व अमन सिंह रणावत ने कहा कि दूसरे दिन कोडिंग, डिज़ाइन, डिबेट, ई-स्पोर्ट्स के मुकाबले हुए। जिसमें तकनीकी विवि सहित हिमाचल प्रदेश केंद्रीय विश्वविद्यालय धर्मशाला, राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला, एनआईटी हमीरपुर, राजकीय फार्मेसी कॉलेज कांगड़ा, एचआईटीई शाहपुर, फार्मेसी कॉलेज सुलह, जवाहर लाल नेहरू इंजीनियरिंग कॉलेज, सुंदरनगर, अटल बिहारी बाजपेयी राजकीय इंजीनियरिंग एवं प्रौद्योगिकी संस्थान प्रगतिनगर, शिमला, राजकीय फार्मेसी कॉलेज सराज, ग्रीन हिल्स सोलन, राजकीय महाविद्यालय हमीरपुर, गौतम कॉलेज ऑफ फार्मेसी, हमीरपुर, निफ्ट कांगड़ा, लॉरेट फार्मेसी कॉलेज कथोग, ज्वालामुखी, अभिलाषी कॉलेज नेरचौक आदि के प्रतिभागी अपनी प्रतिभा का जौहर दिखा रहे हैं। पहली नवंबर को अंतिम दिन विजेता प्रतिभागियों को सम्मानित किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील शुक्ला

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

769943 Articles

Share this story