लेटरल एंट्रीः बी फार्मेसी, बी टेक, बी आर्क की काउंसलिंग का शेड्यूल जारी

WhatsApp Channel Join Now
लेटरल एंट्रीः बी फार्मेसी, बी टेक, बी आर्क की काउंसलिंग का शेड्यूल जारी


हमीरपुर, 25 जुलाई (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश तकनीकी विश्वविद्यालय हमीरपुर ने बी फार्मेसी (लेटरल एंट्री), बीटेक (लेटरल एंट्री), बी आर्क, एमटेक, एम फार्मेसी की काउंसलिंग का ऑनलाइन और ऑफलाइन शेड्यूल जारी किया है। बी फार्मेसी व बीटेक (लेटरल एंट्री) की पहले चरण की ऑनलाइन काउंसलिंग 29 जुलाई होगी। दूसरे चरण की काउंसलिंग तीन अगस्त को प्रस्तावित है।

वहीं, बी आर्क की ऑनलाइन काउंसलिंग के पहले चरण की सीटें भी 29 जुलाई को नाटा के मेरिट पर आवंटित की जाएगी। इसके अलावा बी आर्क की दूसरे चरण की ऑनलाइन काउंसलिंग एक अगस्त को और तीसरे चरण की काउंसलिंग चार अगस्त को राजीव गांधी इंजीनियरिंग कॉलेज नगरोटा बगवां, जिला कांगड़ा में होगी। एमटेक की पहले चरण की ऑनलाइन काउंसलिंग 29 जुलाई को होगी, जबकि दूसरे चरण की काउंसलिंग ऑनलाइन होगी, जो संबंधित शिक्षण संस्थान में होगी। जहां उपरोक्त विषयों में एमटेक कोर्स चलता है। तीसरे चरण की काउंसलिंग चार अगस्त को संबंधित शिक्षण संस्थान में ही होगी।

एम फार्मेसी की ऑनलाइन काउंसलिंग का पहला चरण 28 जुलाई को प्रस्तावित है। एम फार्मेसी का दूसरा और तीसरा चरण ऑनलाइन होगा, जो 31 जुलाई और चार अगस्त को संबंधित शिक्षण संस्थान में प्रस्तावित रहेगा।

तकनीकी विवि के अधिष्ठाता शैक्षणिक डॉ राजेश कुमार शर्मा ने कहा कि बी फार्मेसी, बीटेक (लेटरल एंट्री), बी आर्क, एमटेक और एम फार्मेसी की काउंसलिंग का ऑनलाइन व ऑफलाइन शेड्यूल जारी कर दिया है। जिन अभ्यर्थियों ने उपरोक्त कोर्स में प्रवेश के लिए आवेदन किया है, वे काउंसलिंग शेड्यूल तकनीकी विवि की वेबसाइट पर देख सकते हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील शुक्ला

Share this story