तकनीकी विविः एक दिसंबर से शुरू होगी बीटेक, बी फार्मेसी की परीक्षाएं यूजी व पीजी के नियमित सेमेस्टर और री-अपीयर परीक्षा का फाइनल शेड्यूल जारी
हमीरपुर, 23 नवंबर (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश तकनीकी विश्वविद्यालय हमीरपुर ने आगामी दिसंबर माह में प्रस्तावित परीक्षाओं का फाइनल शेड्यूल जारी किया है। परीक्षाओं के फाइनल शेड्यूल के अनुसार तकनीकी विवि व संबंधित शिक्षण संस्थानों के नियमित सेमेस्टर और री-अपीयर की परीक्षाएं एक दिसंबर से शुरू होगी। तकनीकी विवि ने बीटेक, बी फार्मेसी, बी आर्क, बीएचएमसीटी, बीसीए, बीबीए, एम फार्मेसी, फार्मा डी, एमबीए, एमसीए, एमटेक, एमएससी, एमए/एमएससी योग के नियमित सेमेस्टर और री-अपीयर परीक्षा का शेड्यूल जारी किया है।
तकनीकी विवि के कुलसचिव एवं परीक्षा नियंत्रक अनुपम कुमार ठाकुर ने कहा कि दिसंबर माह में प्रस्तावित परीक्षा को लेकर तैयारियां शुरू हो गई है। परीक्षा की फाइनल तिथियां भी जारी कर दी है। इस बारे में सभी संबंधित शिक्षण संस्थानों को सूचित कर दिया है। इसके अलावा परीक्षा केंद्रों में परीक्षा केंद्र अधीक्षकों की भी तैनाती कर दी है। प्रदेशभर में तकनीकी विवि सहित संबंधित शिक्षण संस्थानों में 38 परीक्षा केंद्र स्थापित किए गए हैं, जिसमें बीटेक, बी फार्मेसी सहित अन्य यूजी और पीजी विषयों के नियमित सेमेस्टर और री-अपीयर के लगभग 29 हजार परीक्षार्थी परीक्षा देंगे।
परीक्षा नियंत्रक ने कहा कि सभी संबंधित शिक्षण संस्थानों के निदेशक कम प्राचार्यों और परीक्षा केंद्र अधीक्षकों को परीक्षा के दौरान तय नियमों की पूर्ण पालन करने की हिदायत दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील शुक्ला

