तकनीकी विविः बीटेक, बी फार्मेसी की ऑनलाइन काउंसलिंग का शेड्यूल जारी

WhatsApp Channel Join Now

हमीरपुर, 10 जुलाई (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश तकनीकी विश्वविद्यालय हमीरपुर ने नए शैक्षणिक सत्र में प्रवेश के लिए ऑनलाइन और ऑफलाइन काउंसलिंग का शेड्यूल जारी किया है। ऑनलाइन काउंसलिंग में बीटेक, बी फार्मेसी, एमबीए और एमसीए विषय शामिल है। इसके अलावा अन्य विषयों की काउंसलिंग ऑफलाइन ही होेगी।

ऑनलाइन काउंसलिंग शेड्यूल के अनुसार बीटेक (डायरेक्ट एंट्री) एचपीसीईटी के आधार पर 14 जुलाई को पहले चरण की सीटें आवंटित की जाएगी। जिसमें सभी श्रेणी शामिल है। 14 जुलाई को ही बीटेक (डायरेक्ट एंट्री) जेईई मेन के आधार पर आवेदन करने वाले सभी श्रेणी के अभ्यर्थियों को सीटें आवंटित की जाएगी। बीटेक की पहले चरण में जिन अभ्यर्थियों को मेरिट के आधार पर सीटें आवंटित की जाएगी, उन्हें 16 जुलाई तक संबंधित शिक्षण संस्थान में रिपोर्ट करनी होगी। एचपीसीईटी और जेईई मेन के आधार पर आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों को दूसरे चरण की ऑनलाइन काउंसलिंग में 18 जुलाई को सीटें आवंटित की जाएगी।

दूसरे चरण में आवंटित सीट वाले अभ्यर्थियों को 21 जुलाई तक संबंधित शिक्षण संस्थान में पहुंचना होगा। बीटेक में प्रवेश के लिए एचपीसीईटी के आधार पर तीसरे व चौथे चरण की काउंसलिंग की सीटें 23 व 28 जुलाई को आवंटित की जाएगी। अगर उपरोक्त काउंसलिंग के चरणों के बाद भी बीटेक की सीटें खाली रहती है, तो पांचवें चरण में काउंसलिंग जमा दो के अंकों की मेरिट के आधार पर होगी, जिन्होंने काउंसलिंग के लिए जमा दो के आधार पर आवेदन किया होगा।

वहीं, बी फार्मेसी (डायरेक्ट एंट्री) की पहले चरण की ऑनलाइन काउंसलिंग भी 14 जुलाई को होगी, जिसमें एचपीसीईटी के मेरिट के आधार पर सभी श्रेणी के अभ्यर्थियों को सीटें आवंटित की जाएगी। जिन अभ्यर्थियों को सीटें आवंटित होगी, उन्हें संबंधित शिक्षण संस्थान में 16 जुलाई तक रिपोर्ट करनी होगी। बी फार्मेसी (डायरेक्ट एंट्री) के दूसरे चरण की सीटें 18, तीसरे चरण की 23 और चौथे चरण की सीटें 28 जुलाई ऑनलाइन आवंटित की जाएगी। एमबीए और एमसीए की सभी श्रेणी के अभ्यर्थियों को पहले चरण में 20 जुलाई को सीटें ऑनलाइन माध्यम से आवंटित की जाएगी, जिन्हें 22 जुलाई तक संबंधित शिक्षण संस्थान में रिपोर्ट करनी होगी। दूसरे चरण की 24, तीसरे की 29 और चौथे चरण तीन अगस्त को होगा।

वहीं, ऑफलाइन काउंसलिंग शेड्यूल के अनुसार एमबीए पर्यटन एमएससी भौतिक विज्ञान, पर्यावरण विज्ञान, एमए/एमएससी योग की पहले चरण की काउंसलिंग 14 जुलाई को तकनीकी विवि परिसर में होगी और दूसरे चरण की काउंसलिंग 18 जुलाई को प्रस्तावित है। वहीं, फार्मा डी की पहले चरण की काउसंलिंग भी 14 जुलाई को फार्मेसी कॉलेज कथोग, ज्वालामुखी जिला कांगड़ा में होगी।

बीएससी एचएमसीटी की पहले चरण की काउंसलिंग 14 जुलाई को संबंधित शिक्षण संस्थानों में ही होगी, जहां उपरोक्त विषय चलते हैं। बीएचएमसीटी की पहले चरण की काउंसलिंग और दूसरे चरण की काउंसलिंग 18 जुलाई को तकनीकी विवि परिसर में प्रस्तावित है। बीसीए और बीबीए की काउंसलिंग भी संबंधित शिक्षण संस्थानों में उपरोक्त तिथि को होगी। एमबीए और एमसीए के अभ्यर्थी 10 से 16 जुलाई तक काउंसलिंग फॉर्म में ऑनलाइन संशोधन कर सकते हैं।

तकनीकी विवि के अधिष्ठाता शैक्षणिक डॉ राजेश कुमार शर्मा ने कहा कि पहली बार बीटेक सहित अन्य विषयों की ऑनलाइन माध्यम से काउंसलिंग की जा रही है। जेईई, एचपीसीईटी की मेरिट के आधार पर सभी श्रेणी के अभ्यर्थियों को सीटें आवंटित की जाएगी। ऑनलाइन और ऑफलाइन काउंसलिंग का शेड्यूल अभ्यर्थी तकनीकी विवि की वेबसाइट पर देख सकते हैं।

स्पोर्ट्स, बैकवर्ड एरिया और एक्स सर्विसमैन कोटे वाले अभ्यर्थियों के दस्तावेज की जांच

हमीरपुर। हिमाचल प्रदेश तकनीकी विश्वविद्यालय हमीरपुर में शुक्रवार को बी फार्मेसी (डायरेक्ट एंट्री), बीबीए, बीसीए, एमबीए, एमबीए पर्यटन, एमएससी पर्यावरण विज्ञान, एमए/एमएससी योग में स्पोर्ट्स, बैकवर्ड एरिया और एक्स सर्विसमैन कोटे के तहत प्रवेश लेने वाले अभ्यर्थियों के दस्तावेज की जांच हुई। तकनीकी विवि द्वारा उपरोक्त कोटे के तहत प्रवेश लेने वाले अभ्यर्थियों के दस्तावेज की जांच के लिए समिति गठित की है। समिति ने अभ्यर्थियों के दस्तावेज जांचे।

तकनीकी विवि के अधिष्ठाता शैक्षणिक डॉ राजेश कुमार शर्मा ने कहा कि बी आर्क, बी फार्मेसी (लेटरल एंट्री), बीटेक (लेटरल एंट्री), एमटेक और एम फार्मेसी में स्पोर्ट्स, बैकवर्ड एरिया और एक्स सर्विसमैन कोटे के तहत प्रवेश लेने वाले अभ्यर्थियों के संबंधित दस्तावेज 27 जुलाई को जांच किए जाएंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील शुक्ला

Share this story