विदेशों में रोजगार के बेहतर अवसर, मंडी में 50 से अधिक अभ्यर्थियों का चयन

WhatsApp Channel Join Now
विदेशों में रोजगार के बेहतर अवसर, मंडी में 50 से अधिक अभ्यर्थियों का चयन


मंडी, 17 अक्टूबर (हि.स.)। विदेशों में रोजगार उपलब्ध करवाने की सरकार’ की पहल के प्रति युवाओं में उत्साह नज़र आ रहा है। माचल प्रदेश राज्य इलेक्ट्रॉनिक्स विकास निगम लिमिटेड तथा श्रम, रोजगार एवं विदेशी नियोजन विभाग के संयुक्त तत्वावधान में हाल ही में जिला रोजगार कार्यालय एवं मॉडल करियर सेंटर, मंडी में विदेश में रोजगार के लिए भर्ती साक्षात्कार आयोजित किए गए। इस भर्ती अभियान के माध्यम से संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) की कंपनी में रोजगार पाने के लिए प्रदेश के विभिन्न जिलों से युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

भर्ती अभियान में मंडी, कुल्लू, बिलासपुर, शिमला, सोलन, सिरमौर, किन्नौर तथा लाहौल-स्पीति सहित प्रदेश के आठ जिलों से लगभग 200 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण करवाया। यह भर्ती अभियान संयुक्त अरब अमीरात स्थित वर्टिव गल्फ एलएलसी कंपनी में विभिन्न पदों के लिए आयोजित किया गया, जिसमें मुंबई की एक्मे एंटरप्राइजेज ने भर्ती एजेंसी के रूप में सहयोग किया।

भर्ती प्रक्रिया के प्रथम चरण में अब तक 50 से अधिक अभ्यर्थियों का विभिन्न पदों के लिए चयन किया जा चुका है। चयनित पदों में सहायक, तकनीकी ऑपरेटर, इलेक्ट्रीशियन और फिटर सहित अन्य पद शामिल हैं।

उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार चयनित अभ्यर्थियों को पद एवं निर्धारित शर्तों के अनुसार भारतीय मुद्रा में लगभग 37,700 रुपए से 45,000 रुपए प्रतिमाह तक वेतन मिलेगा।

इसके अतिरिक्त, नियमानुसार अतिरिक्त कार्य के लिए अलग से भुगतान किया जाएगा। अनुबंध की शर्तों के अनुसार अभ्यर्थियों को रहने और खाने की सुविधा, वीजा, चिकित्सा सुविधा, साप्ताहिक अवकाश तथा अन्य सुविधाएं भी प्रदान की जाएंगी। चयनित अभ्यर्थियों के लिए 30 दिनों के सवेतन वार्षिक अवकाश के साथ-साथ प्रतिवर्ष घर आने-जाने के हवाई टिकट के लिए लगभग 71,000 रुपये की राशि का प्रावधान भी है।

कुल्लू जिला के धर्मेन्द्र कुमार ने बताया कि उन्होंने कुल्लू से इलेक्ट्रीशियन ट्रेड में आईटीआई कोर्स किया है। उन्होंने बताया कि निजी कंपनियों के माध्यम से विदेश में रोजगार के अवसर मिलने के बावजूद कई बार युवाओं के लिए उचित निर्णय लेना संभव नहीं हो पाता। ऐसे में प्रदेश सरकार की पहल युवाओं के लिए मददगार साबित हो सकती है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

762612 Articles

Share this story