देव राज शर्मा बने राज्य कर्मचारी महासंघ की प्रदेश कार्यसमिति के वरिष्ठ उपाध्यक्ष, डीए और पे एरियर की मांग

WhatsApp Channel Join Now
देव राज शर्मा बने राज्य कर्मचारी महासंघ की प्रदेश कार्यसमिति के वरिष्ठ उपाध्यक्ष, डीए और पे एरियर की मांग


मंडी, 25 जून (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश राज्य कर्मचारी महासंघ संबद्ध राष्ट्रीय राज्य कर्मचारी महासंघ की प्रदेश कार्यसमिति की महत्वपूर्ण बैठक वर्चुअल माध्यम से प्रदेश अध्यक्ष नरेश ठाकुर की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में राष्ट्रीय राज्य कर्मचारी महासंघ के उत्तर क्षेत्र प्रभारी विपिन डोगरा ने विशेष रूप से मार्गदर्शन प्रदान किया। बैठक में संगठन की मजबूती, सदस्यता विस्तार और भविष्य की कार्ययोजना को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। कार्यसमिति ने पिछली बैठक में लिए गए निर्णयों की समीक्षा करते हुए गूगल फॉर्म के माध्यम से चलाए जा रहे सदस्यता अभियान को और अधिक प्रभावी बनाने का निर्णय लिया। महासंघ ने अधिक से अधिक कर्मचारियों को संगठन से जोड़ने के लिए जिला स्तर पर विशेष अभियान चलाने का भी फैसला लिया।

बैठक में संगठन को और अधिक सक्रिय एवं मजबूत बनाने के उद्देश्य से प्रदेश कार्यसमिति में महत्वपूर्ण मनोनयन किए गए। जिसमें मंडी के देव राज शर्मा को प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष, नरेश शर्मा मंडी को प्रदेश सचिव, किशोरी लाल चौहान कांगड़ा को प्रदेश उपाध्यक्ष तथा सुरेश कुमार (चंबा) को प्रदेश कोषाध्यक्ष नियुक्त किया गया। महासंघ ने संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने के लिए राज्य के सभी 12 संगठनात्मक जिलों के लिए जिला प्रभारियों की नियुक्ति भी की। इसके तहत गलोरा राम (चंबा), भगवान दास (कांगड़ा), किशोरी लाल चौहान ऊना, नरेश शर्मा हमीरपुर, सुशील शर्मा बिलासपुर, विजय कुमार मंडी, वीरेंद्र कुमार कुल्लू, देव राज शर्मा लाहौल-स्पीति, जयपाल सोलन, भीम सिंह चौहान सिरमौर, गौतम दुल्टा शिमला तथा किशोर चुनटा किन्नौर को जिला प्रभारी बनाया गया।

बैठक में कर्मचारियों से जुड़े विभिन्न लंबित मामलों पर भी चर्चा हुई। महासंघ ने राज्य सरकार से कर्मचारियों के लंबित महंगाई भत्ते (डीए) और वेतन एरियर का शीघ्र भुगतान करने की मांग उठाई।

महासंघ का कहना है कि कर्मचारियों को उनके वैधानिक वित्तीय लाभ समयबद्ध रूप से प्रदान किए जाने चाहिए। प्रदेश महामंत्री उमेश कुमार ने बताया कि बैठक में लिए गए सभी निर्णय सर्वसम्मति से पारित किए गए। उन्होंने नवनियुक्त पदाधिकारियों एवं जिला प्रभारियों को बधाई देते हुए आशा व्यक्त की कि उनके सहयोग से महासंघ को और अधिक मजबूती मिलेगी तथा कर्मचारियों के हितों की लड़ाई को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

Share this story