हिमाचल राज्य सहकारी बैंक की 'हिमपेसा' ऐप फिर हुई शुरू, प्ले स्टोर पर उपलब्ध
शिमला, 04 अगस्त (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश राज्य सहकारी बैंक (एचपीएससीबी) की मोबाइल बैंकिंग ऐप 'हिमपेसा' नए संस्करण के साथ फिर से शुरू हो गई है। बैंक ने बताया है कि यह ऐप अब एंड्रॉयड मोबाइल इस्तेमाल करने वाले ग्राहकों के लिए गूगल प्ले स्टोर पर उपलब्ध है। आईफोन इस्तेमाल करने वाले ग्राहकों के लिए भी यह ऐप जल्द ही ऐप स्टोर पर उपलब्ध कराई जाएगी।
बैंक के मुताबिक हाल ही में उसके सभी बैंकिंग कामकाज को नए 'फिनाकल' कोर बैंकिंग सिस्टम पर स्थानांतरित किया गया है। इसी तकनीकी बदलाव के कारण 'हिमपेसा' ऐप की सेवाएं कुछ समय के लिए बंद थीं। अब यह प्रक्रिया पूरी होने के बाद ऐप को नए रूप और पहले से ज्यादा सुरक्षित व्यवस्था के साथ फिर से शुरू किया गया है।
बैंक के प्रबंध निदेशक विनय सिंह ने कहा कि नए संस्करण में ग्राहकों को बेहतर और सुरक्षित डिजिटल बैंकिंग सेवाएं मिलेंगी। उन्होंने कहा कि बैंक अपने ग्राहकों को तेज, आसान और भरोसेमंद बैंकिंग सुविधाएं देने के लिए लगातार काम कर रहा है।
बैंक ने ग्राहकों से नए संस्करण की 'हिमपेसा' ऐप डाउनलोड करने की अपील की है। बैंक का कहना है कि नई ऐप के जरिए ग्राहकों को मोबाइल बैंकिंग का पहले से बेहतर और सुरक्षित अनुभव मिलेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

