हिमाचल प्रदेश पेंशनर संयुक्त संघर्ष समिति के आह्वान पर मंडी में पेंशनरों का अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन शुरू

WhatsApp Channel Join Now
हिमाचल प्रदेश पेंशनर संयुक्त संघर्ष समिति के आह्वान पर मंडी में पेंशनरों का अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन शुरू


मंडी, 12 नवंबर (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश पेंशनर संयुक्त संघर्ष समिति के तत्वावधान में जिला मंडी के पेंशनरों द्वारा जिलाधीश कार्यालय मंडी के समक्ष 12 नवंबर से 17 नवंबर तक धरना-प्रदर्शन शुरू किया गया है। धरने के प्रथम दिन सुंदरनगर खंड के पेंशनरों, हिमाचल प्रदेश पेंशनर्स फेडरेशन की मंडी जिला कार्यकारिणी के पदाधिकारियों तथा स्थानीय स्वशासन विभाग सहित विभिन्न विभागों के पेंशनरों ने भाग लिया। जिसके चलते धरने में सर्वश्री लक्ष्मण सिंह वर्मा, प्रभु राम वर्मा, दिलीप ठाकुर, हेम सिंह ठाकुर, रूपलाल ठाकुर, नानक चंद शर्मा, इंद्रजीत आजाद, हेमराज रतन, हिम्मत राम शर्मा, सीताराम तथा परस राम गर्ग सहित अनेक पेंशनर उपस्थित रहे।

पेंशनरों की प्रमुख मांगों में वर्ष 2016 से 31 दिसंबर 2021 तक सेवानिवृत्त हुए कर्मचारियों की सभी प्रकार की लंबित वित्तीय देनदारियों का शीघ्र भुगतान किया जाए। इनमें ग्रेच्युटी, कम्यूटेशन, लीव एनकैशमेंट, पे एरियर तथा पेंशन एरियर शामिल हैं। इसके अलावा महंगाई भत्ते की लगभग 200 महीनों की लंबित देनदारियों तथा 13 प्रतिशत महंगाई भत्ते का भुगतान शीघ्र किया जाए। हिमाचल प्रदेश पथ परिवहन निगम के पेंशनरों को नियमित रूप से पेंशन का भुगतान सुनिश्चित किया जाए। शहरी स्थानीय निकायों के पेंशनरों को नियमित पेंशन भुगतान की व्यवस्था की जाए। असंघर्ष समिति के निर्णयानुसार यह धरना-प्रदर्शन 17 नवंबर तक प्रतिदिन प्रातः 11:00 बजे से दोपहर 3:00 बजे तक जारी रहेगा।

पेंशनर संयुक्त संघर्ष समिति के नेताओं ने कहा कि हिमाचल प्रदेश सरकार की पेंशनरों के प्रति असंवेदनशीलता, बेरुखी एवं हठधर्मिता के कारण पेंशनरों को आंदोलन का रास्ता अपनाने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

775918 Articles

Share this story