एचपीएमसी ने शुरू की कांच की खाली बोतलों की बायबैक योजना, लौटाने पर मिलेगा भुगतान

WhatsApp Channel Join Now

शिमला, 08 जुलाई (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश बागवानी उपज विपणन एवं प्रसंस्करण निगम (एचपीएमसी) ने पर्यावरण संरक्षण और कांच के कचरे को कम करने के उद्देश्य से खाली कांच की बोतलों के लिए बायबैक योजना शुरू की है। निगम ने इस योजना के संचालन के लिए मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) भी लागू कर दी है। योजना का उद्देश्य इस्तेमाल के बाद फेंकी जाने वाली कांच की बोतलों को दोबारा एकत्र कर उनका रीसाइक्लिंग के लिए उपयोग करना है।

एचपीएमसी के अनुसार इस योजना में उपभोक्ताओं के साथ रिटेलर्स और डिस्ट्रीब्यूटर्स को भी जोड़ा गया है। योजना के तहत उपभोक्ता यदि एचपीएमसी की 200 मिलीलीटर की खाली कांच की बोतल किसी अधिकृत रिटेलर के पास जमा कराते हैं तो उन्हें प्रति बोतल एक रुपये मिलेंगे। इसी तरह 600 मिलीलीटर की प्रत्येक खाली बोतल लौटाने पर दो रुपये दिए जाएंगे।

निगम ने रिटेलर्स और डिस्ट्रीब्यूटर्स के लिए भी प्रोत्साहन राशि तय की है। संग्रहण की अलग-अलग प्रक्रिया के अनुसार उन्हें प्रति बोतल अधिकतम चार रुपये तक का भुगतान किया जाएगा। इसका उद्देश्य खाली बोतलों के संग्रहण की व्यवस्था को मजबूत बनाना और अधिक से अधिक लोगों को इस अभियान से जोड़ना है।

एचपीएमसी ने बताया कि खाली बोतलों को पहले अधिकृत रिटेलर्स, डिस्ट्रीब्यूटर्स और निगम के कार्यालयों के माध्यम से एकत्र किया जाएगा। इसके बाद इन बोतलों को छंटाई और रीसाइक्लिंग के लिए जरोल स्थित एचपीएमसी के फल प्रसंस्करण संयंत्र भेजा जाएगा। बोतलों के संग्रह और परिवहन के लिए भी अलग व्यवस्था की गई है, जिससे पूरी प्रक्रिया सुचारु रूप से संचालित हो सके।

निगम ने उपभोक्ताओं, रिटेलर्स और डिस्ट्रीब्यूटर्स से इस योजना में सक्रिय भागीदारी की अपील की है। एचपीएमसी का कहना है कि इस पहल से कांच के कचरे में कमी आएगी, रीसाइक्लिंग को बढ़ावा मिलेगा और पर्यावरण संरक्षण के साथ एक स्थायी व्यवस्था विकसित करने में मदद मिलेगी। साथ ही योजना से जुड़े सभी पक्षों को आर्थिक लाभ भी मिलेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Share this story