पाज्जा नाला-अप्पर सकरोहा सिंचाई योजना: से लोगों के खेतों में पहुंचा पानी

WhatsApp Channel Join Now
पाज्जा नाला-अप्पर सकरोहा सिंचाई योजना: से लोगों के खेतों में पहुंचा पानी


मंडी, 17 अक्टूबर (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश फसल विविधीकरण प्रोत्साहन परियोजना (चरण-II) के अंतर्गत खंड परियोजना प्रबंधन इकाई मंडी द्वारा निर्मित पाज्जा नाला से अप्पर सकरोहा बहाव सिंचाई योजना का हस्तांतरण किया गया। इस कार्यक्रम में खंड परियोजना प्रबंधक डॉ.राजेश कुमार और विषयवाद विशेषयज्ञ डॉ खूब रामजिला परियोजना प्रबंधन इकाई मंडी सहित अन्य अधिकारी एवं किसान उपस्थित रहे। इस अवसर पर खंड परियोजना प्रबंधक डॉ.राजेश कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि यह सिंचाई योजना क्षेत्र के किसानों के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इस योजना के तहत लगभग 23.62 हेक्टेयर भूमि को सिंचाई सुविधा से जोड़ा गया है, जिससे 132 किसान सीधे तौर पर लाभान्वित होंगे।

उन्होंने बताया कि परियोजना के अंतर्गत 1500 मीटर लंबी कूहल का निर्माण किया गया है तथा खड्ड से पानी को सही दिशा में खेतों तक पहुंचाने के लिए मजबूत संरचना (हेड वियर) तैयार किये गए है, जिससे अब किसानों को समय पर और पर्याप्त मात्रा में पानी उपलब्ध हो सकेगा। उन्होंने कहा कि इस योजना से न केवल खेती की उत्पादकता बढ़ेगी, बल्कि किसानों की आय में भी वृद्धि होगी।

डॉ.राजेश कुमार ने किसानों को प्रेरित करते हुए कहा कि वे पारंपरिक खेती के साथ-साथ नकदी फसलों को अपनाएं और बाजार से जुड़कर सरकार की कृषक हितैषी नीतियों का लाभ उठाएं। इसके साथ ही उन्होंने फसल विविधीकरण को अपनाने पर विशेष बल दिया और कृषक विकास संघ को मजबूत बनाने की आवश्यकता बताई। उन्होंने कहा कि किसानों को नियमित रूप से बैठकें आयोजित करनी चाहिए और एक सामूहिक फंड बनाना चाहिए, ताकि बरसात या अन्य प्राकृतिक कारणों से कूहल को होने वाले नुकसान की समय पर मरम्मत की जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

762680 Articles

Share this story