गुरु अर्जन देव और रानी लक्ष्मीबाई के बलिदान को मुख्यमंत्री सुक्खू ने किया नमन

WhatsApp Channel Join Now

शिमला, 18 जून (हि.स.)। मुख्यमंत्री मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने सिख धर्म के पांचवें गुरु अर्जुन देव के बलिदान दिवस तथा वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई के बलिदान दिवस पर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया है।

गुरु अर्जन देव के बलिदान दिवस पर जारी अपने संदेश में मुख्यमंत्री ने कहा कि सत्य, धर्म और मानवता की रक्षा के लिए दिया गया उनका सर्वोच्च बलिदान इतिहास में सदैव प्रेरणास्रोत बना रहेगा। उन्होंने कहा कि गुरु अर्जन देव जी के आदर्श आज भी समाज को सेवा, समरसता, त्याग और सहिष्णुता के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देते हैं। उनके बताए मार्ग पर चलकर ही एक न्यायपूर्ण और सौहार्दपूर्ण समाज का निर्माण किया जा सकता है।

वहीं रानी लक्ष्मीबाई के बलिदान दिवस पर मुख्यमंत्री ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उनका अदम्य साहस, अद्वितीय वीरता और मातृभूमि के प्रति अटूट समर्पण देशवासियों के लिए सदैव प्रेरणा का स्रोत रहेगा। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम में रानी लक्ष्मीबाई का योगदान अविस्मरणीय है और राष्ट्र उनकी वीरता को हमेशा गर्व और सम्मान के साथ याद करता रहेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि देश और समाज के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले ऐसे महान व्यक्तित्वों का जीवन आने वाली पीढ़ियों को राष्ट्रसेवा, त्याग और कर्तव्यनिष्ठा की प्रेरणा देता रहेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील शुक्ला

Share this story