सोनम वांगचुक को जबरन अनशन से हटाना अलोकतांत्रिक, हिमाचल की रेल परियोजनाएं जल्द पूरी करे केंद्र : विनय कुमार

WhatsApp Channel Join Now
सोनम वांगचुक को जबरन अनशन से हटाना अलोकतांत्रिक, हिमाचल की रेल परियोजनाएं जल्द पूरी करे केंद्र : विनय कुमार


शिमला, 18 जुलाई (हि.स.)। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार ने सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक को जबरन अनशन स्थल से हटाए जाने की कड़ी निंदा करते हुए इसे लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन बताया। राजीव भवन में पत्रकारों से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि वांगचुक पिछले 21 दिनों से युवाओं के अधिकारों, शिक्षा व्यवस्था में सुधार और नीट पेपर लीक जैसे मुद्दों को लेकर शांतिपूर्ण अनशन पर बैठे थे। ऐसे में उन्हें बलपूर्वक हटाना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।

विनय कुमार ने शनिवार को आरोप लगाया कि केंद्र की भाजपा सरकार लोकतांत्रिक आवाजों को दबाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि देश के युवा अपने भविष्य को लेकर चिंतित हैं और नीट व अन्य महत्वपूर्ण परीक्षाओं में पेपर लीक की घटनाओं ने शिक्षा व्यवस्था की विश्वसनीयता पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में शांतिपूर्ण विरोध हर नागरिक का अधिकार है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने हिमाचल में लंबित रेल परियोजनाओं को शीघ्र पूरा करने के लिए केंद्र सरकार से विशेष पहल की मांग भी की। उन्होंने अंब-इंदौरा रेलवे स्टेशन के आधुनिकीकरण का स्वागत करते हुए शिमला हेरिटेज रेल लाइन के विस्तार पर भी जोर दिया।

उन्होंने कहा कि भानुपल्ली-बिलासपुर-बैरी रेल परियोजना, बद्दी रेल लिंक, नंगल डैम-तलवाड़ा रेल लाइन, ऊना-हमीरपुर रेल लाइन तथा बिलासपुर-मनाली-लेह रेल परियोजना प्रदेश के विकास और रणनीतिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण हैं।

उन्होंने बताया कि इनमें से कई परियोजनाओं का कार्य प्रगति पर है, लेकिन अपेक्षित गति नहीं मिल पा रही है। उन्होंने बद्दी रेल परियोजना के लिए विशेष केंद्रीय अनुदान देने और सभी लंबित रेल परियोजनाओं को समयबद्ध ढंग से पूरा करने की मांग की। साथ ही पठानकोट-जोगिंदरनगर हेरिटेज रेल ट्रैक को ब्रॉडगेज में परिवर्तित करने की आवश्यकता भी जताई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील शुक्ला

Share this story