विधायक राकेश जम्वाल बने हिमाचल प्रदेश कयाकिंग एवं कैनोइंग एसोसिएशन के अध्यक्ष
मंडी, 18 अक्टूबर (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश कयाकिंग एवं कैनोइंग एसोसिएशन के चुनाव में सुंदरनगर के विधायक राकेश जम्वाल को र्वसम्मति से अध्यक्ष निर्वाचित किया गया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि प्रदेश में कयाकिंग एवं कैनोइंग खेलों के विकास, प्रचार-प्रसार और युवा खिलाड़ियों को बेहतर अवसर उपलब्ध करवाने के लिए पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ कार्य किया जाएगा।
चुनाव प्रक्रिया रिटर्निंग ऑफिसर अधिवक्ता पूरन सिंह सेन की देखरेख में संपन्न हुई। इस दौरान युवा सेवाएं एवं खेल विभाग की ओर से जिला युवा सेवाएं एवं खेल अधिकारी, मंडी कविता ठाकुर तथा भारतीय कयाकिंग एवं कैनोइंग एसोसिएशन की ओर से चंडीगढ़ विश्वविद्यालय के निदेशक खेल दीपक सिंह पर्यवेक्षक के रूप में उपस्थित रहे।
नवनिर्वाचित कार्यकारिणी में कमल कांत गौतम को वरिष्ठ उपाध्यक्ष, बलबीर सिंह भारद्वाज, सुरेश कुमार, संगीता देवी और पूनम को उपाध्यक्ष तथा डॉ. निर्मल सिंह को महासचिव चुना गया। वहीं, बिंदिया चंदेल, जगदीप सहजपाल, देव राज, कमल किशोर ठाकुर और मोनिका देवी को संयुक्त सचिव तथा कमल कुमार को कोषाध्यक्ष निर्वाचित किया गया।
इसके अतिरिक्त प्रकाश चंद ठाकुर, शाम लाल, सूरज सिंह, सोम नाथ और रितिश अहलूवालिया कार्यकारिणी सदस्य निर्वाचित हुए। नवनिर्वाचित कार्यकारिणी का कार्यकाल चार वर्ष का होगा।
अध्यक्ष निर्वाचित होने के बाद राकेश जम्वाल ने जनरल हाउस के सभी सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सर्वसम्मति से मिली यह जिम्मेदारी उनके लिए सम्मान के साथ-साथ एक महत्वपूर्ण दायित्व भी है।
उन्होंने कहा कि उनका प्रयास रहेगा कि हिमाचल प्रदेश में कयाकिंग एवं कैनोइंग खेलों को नई दिशा मिले, प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को अपनी क्षमता प्रदर्शित करने के पर्याप्त अवसर मिलें और प्रदेश के खिलाड़ी राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर हिमाचल का नाम रोशन करें। उन्होंने पिछली कार्यकारिणी द्वारा किए गए कार्यों की सराहना करते हुए जल क्रीड़ाओं के विकास में उसके योगदान को महत्वपूर्ण बताया। साथ ही, भारतीय खेल प्राधिकरण के बरमाणा स्थित केंद्र के प्रयासों से जल क्रीड़ाओं के क्षेत्र में मिल रहे सकारात्मक परिणामों की भी प्रशंसा की।
राकेश जम्वाल ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में जल क्रीड़ाओं की अपार संभावनाएं हैं। इन संभावनाओं को साकार करने के लिए खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करना, उभरती प्रतिभाओं को उचित मंच प्रदान करना, खेल गतिविधियों का विस्तार करना और संबंधित संस्थाओं के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि एसोसिएशन का प्रयास रहेगा कि प्रदेश के अधिक से अधिक युवा इन खेलों से जुड़ें और उन्हें अपनी प्रतिभा निखारने के लिए अनुकूल वातावरण मिले।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

