हिमाचल में 28–30 मार्च के लिए आंधी-बिजली और ओलावृष्टि का येलो-ओरेंज अलर्ट,
शिमला, 25 मार्च (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में एक बार फिर मौसम के तेवर तीखे होने वाले हैं। मौसम विभाग ने 28 से 30 मार्च के बीच राज्य के कई हिस्सों में तेज आंधी, गरज-चमक, ओलावृष्टि और बारिश की संभावना जताते हुए येलो और ओरेंज अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार इन तीन दिनों के दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं और कई स्थानों पर आसमानी बिजली गिरने की भी आशंका है।
मौसम विभाग का कहना है कि 29 मार्च को राज्य के अधिकांश हिस्सों में ओलावृष्टि की संभावना ज्यादा है, इसलिए इस दिन के लिए ओरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं 28 और 30 मार्च को तेज हवाओं और बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए येलो अलर्ट रहेगा। इन दिनों में लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है, खासकर किसानों, यात्रियों और पहाड़ी क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने को कहा गया है।
मौसम विभाग के अनुसार 26, 27 और 31 मार्च को भी प्रदेश में मौसम खराब रहेगा, हालांकि इन दिनों के लिए किसी प्रकार की औपचारिक चेतावनी जारी नहीं की गई है। विभाग ने बताया कि उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित करने वाले दो वेस्टर्न डिस्टरबेंस 26 मार्च से सक्रिय होंगे और दूसरा 28 मार्च की रात से असर दिखाएगा। इनके प्रभाव से प्रदेश के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी और निचले क्षेत्रों में बारिश की संभावना है।
बीते कुछ दिनों से मार्च महीने में लगातार हो रही बारिश और बर्फबारी के कारण प्रदेश में दिसंबर जैसी ठंड महसूस की जा रही है। लोग एक बार फिर गर्म कपड़ों का सहारा लेते नजर आ रहे हैं। मौसम विभाग के अनुसार बदलों की आवाजाही और वर्षा के कारण आने वाले दिनों में तापमान में और गिरावट दर्ज की जा सकती है, जिससे ठंड का असर फिर बढ़ेगा।
पिछले 24 घंटों के दौरान भी प्रदेश के कुछ स्थानों पर हल्की वर्षा दर्ज की गई। धर्मशाला में 5.1 मिलीमीटर, मंडी में 2.8 मिलीमीटर, जोगिंदरनगर में 7.0 मिलीमीटर, बागी में 2.3 मिलीमीटर, सुंदरनगर और बरठीं में 0.2-0.2 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। कांगड़ा क्षेत्र में गर्जना और बिजली गिरने की घटना भी दर्ज हुई। हालांकि बुधवार को शिमला सहित अधिकांश हिस्सों में मौसम साफ बना हुआ है।
मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार बुधवार को प्रदेश का औसत न्यूनतम तापमान सामान्य से 0.7 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। जनजातीय जिला लाहौल स्पीति के कुकुमसेरी और ताबो में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे रिकॉर्ड किया गया, जिससे ठंड का असर और बढ़ गया है।
बुधवार को दर्ज न्यूनतम तापमान पर नजर डालें तो लाहौल स्पीति जिला के ताबो में माइनस 1.3 डिग्री, कुकुमसेरी माइनस 0.3 डिग्री, कल्पा 2.6 डिग्री, मनाली 3.9 डिग्री, कुफरी-फागू 5.1 डिग्री, धर्मशाला 6.2 डिग्री, भुंतर 6.6 डिग्री, सराहन 8.1 डिग्री, शिमला 8.2 डिग्री, सोलन 8.2 डिग्री, सुंदरनगर 9.6 डिग्री, पालमपुर 10.0 डिग्री, जुब्बड़हट्टी 10.0 डिग्री, कसौली 10.3 डिग्री, मंडी 10.7 डिग्री, बरठीं 10.7 डिग्री, नाहन 11.0 डिग्री, कांगड़ा 12.4 डिग्री, ऊना 12.5 डिग्री, बिलासपुर 12.5 डिग्री, नेरी 15.6 डिग्री, देहरा गोपीपुर 16.0 डिग्री और पांवटा साहिब 17.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

