हिमाचल में 17 से 20 अप्रैल तक बदलेगा मौसम, बारिश-आंधी और बिजली गिरने का येलो अलर्ट

WhatsApp Channel Join Now
हिमाचल में 17 से 20 अप्रैल तक बदलेगा मौसम, बारिश-आंधी और बिजली गिरने का येलो अलर्ट


हिमाचल में 17 से 20 अप्रैल तक बदलेगा मौसम, बारिश-आंधी और बिजली गिरने का येलो अलर्ट


शिमला, 14 अप्रैल (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में फिलहाल मौसम साफ बना हुआ है, लेकिन आने वाले दिनों में एक बार फिर मौसम बदलने वाला है। मौसम विभाग के अनुसार राज्य में 17 से 20 अप्रैल तक मौसम करवट लेगा और अधिकांश क्षेत्रों में बारिश होने की संभावना है। वहीं ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के भी आसार जताए गए हैं। इस दौरान कई स्थानों पर तेज आंधी और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है।

मंगलवार को राजधानी शिमला और पर्यटन स्थल मनाली सहित प्रदेश के अधिकतर हिस्सों में मौसम साफ बना हुआ है। पहाड़ी इलाकों में गुनगुनी धूप खिलने से लोगों को ठंड से राहत मिली, जबकि निचले क्षेत्रों में धूप के कारण हल्की गर्मी का असर महसूस किया जा रहा है। मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि 15 अप्रैल तक प्रदेश में मौसम साफ बना रहेगा। इस दौरान अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी होने की संभावना है और दिन के समय गर्मी का असर कुछ बढ़ सकता है।

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार 15 अप्रैल की रात से पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने लगेगा, जिसका असर 17 अप्रैल से प्रदेश के मौसम पर दिखाई देगा। विभाग के अनुसार 17 से 20 अप्रैल के बीच राज्य के अधिकांश हिस्सों में बारिश की संभावना है, जबकि ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हो सकती है। विभाग ने 17, 18 और 19 अप्रैल को मध्य पर्वतीय जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और बिजली गिरने की संभावना जताई गई है।

मौसम विभाग का कहना है कि अप्रैल महीने के पहले पखवाड़े में प्रदेश में सामान्य से अधिक वर्षा दर्ज की गई है। कई इलाकों में हुई बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी के कारण तापमान में गिरावट बनी हुई है। हालांकि कई स्थानों पर ओलावृष्टि और तेज हवाओं के कारण फसलों और फलदार पौधों को नुकसान भी पहुंचा है, जिससे किसानों और बागवानों की चिंता बढ़ी है।

प्रदेश में तापमान की स्थिति पर नजर डालें तो मंगलवार को कई शहरों में न्यूनतम तापमान सामान्य से कम दर्ज किया गया। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार न्यूनतम तापमान बढ़ते क्रम में केलांग में 0.4 डिग्री, कुकुमसेरी में 2.7 डिग्री, ताबो में 3.1 डिग्री, कल्पा में 4.4 डिग्री, मनाली में 5.9 डिग्री, कुफरी में 6.4 डिग्री, सेओबाग में 7.7 डिग्री, सराहन में 8.5 डिग्री, धर्मशाला में 8.6 डिग्री, भुंतर में 9.9 डिग्री, सोलन में 10.5 डिग्री, बरठीं में 10.9 डिग्री, सुंदरनगर में 11.9 डिग्री, पालमपुर में 12.5 डिग्री, शिमला में 12.5 डिग्री, जुब्बड़हट्टी में 13.0 डिग्री, मंडी में 13.2 डिग्री, कांगड़ा में 13.7 डिग्री, ऊना में 14.0 डिग्री, बिलासपुर में 14.0 डिग्री, देहरा गोपीपुर में 17.0 डिग्री और पांवटा साहिब में 18.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मौसम विभाग के अनुसार अप्रैल माह में लगातार बदलते मौसम के कारण प्रदेश में न्यूनतम तापमान में गिरावट बनी हुई है और अभी तक ज्यादा गर्मी का असर महसूस नहीं हुआ है। मंगलवार को राज्य का औसतन न्यूनतम तापमान सामान्य से करीब 1.5 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जिससे साफ है कि पहाड़ी राज्य में अभी भी सुबह और रात के समय ठंड का असर बना हुआ है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Share this story