हिमाचल में तीन अप्रैल तक मौसम खराब, आंधी-बिजली का येलो अलर्ट

WhatsApp Channel Join Now
हिमाचल में तीन अप्रैल तक मौसम खराब, आंधी-बिजली का येलो अलर्ट


शिमला, 28 मार्च (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में 3 अप्रैल तक मौसम खराब रहने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने प्रदेश के कई हिस्सों में आंधी-बिजली के साथ बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी का येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान कई जगह 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी दी गई है। इससे जनजीवन और फसलों पर असर पड़ सकता है।

शनिवार सुबह शिमला और मनाली सहित ऊंचाई वाले इलाकों में बादल छाए रहे, जबकि निचले क्षेत्रों में कहीं-कहीं धूप भी निकली। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में अप्रैल के पहले सप्ताह में भी बादलों की आवाजाही जारी रहेगी और कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि की भी संभावना है।

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार आज प्रदेश के कई हिस्सों में गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना है। 29 और 30 मार्च को भी अलग-अलग स्थानों पर आंधी-बिजली के साथ 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। 31 मार्च और 1 अप्रैल को भी कुछ स्थानों पर बारिश के आसार हैं। लेकिन कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है। 2 और 3 अप्रैल को एक बार फिर प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में गरज-चमक, तेज हवाओं और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है। इस दौरान ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी भी हो सकती है।

प्रदेश में मार्च के दूसरे पखवाड़े से रुक-रुक कर बारिश और बर्फबारी का दौर जारी है। इससे जहां सूखे जैसे हालात से राहत मिली है, वहीं तापमान में गिरावट आने से ठंड का असर भी बना हुआ है। आगामी दिनों में बेमौसमी बारिश और ओलावृष्टि से गेहूं, सरसों और बागवानी फसलों को नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है, जिससे किसानों की चिंता बढ़ गई है।

मौसम विभाग के अनुसार बीते 24 घंटों में प्रदेश के औसत न्यूनतम तापमान में 0.2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। इस दौरान शिमला में न्यूनतम तापमान 10.5 डिग्री, सुंदरनगर में 12.1 डिग्री, भुंतर में 10.0 डिग्री, कल्पा में 4.0 डिग्री, धर्मशाला में 9.5 डिग्री, ऊना में 16.0 डिग्री, नाहन में 13.0 डिग्री, केलांग में 1.1 डिग्री, पालमपुर में 11.0 डिग्री, सोलन में 10.2 डिग्री, मनाली में 6.5 डिग्री, कांगड़ा में 14.2 डिग्री, मंडी में 13.6 डिग्री, बिलासपुर में 14.0 डिग्री, चंबा में 12.3 डिग्री, जुब्बड़हट्टी में 11.4 डिग्री, कुफरी में 6.1 डिग्री, कुकुमसेरी में 4.2 डिग्री, बरमौर में 8.0 डिग्री, सियोबाग में 8.5 डिग्री, बरठीं में 12.3 डिग्री, कसौली में 11.6 डिग्री, पांवटा साहिब में 18.0 डिग्री, सराहन में 9.3 डिग्री, देहरा गोपीपुर में 18.0 डिग्री, ताबो में 1.6 डिग्री और नेरी में 17.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Share this story