हिमाचल में बढ़ी गर्मी, 35 डिग्री तक पहुंचा पारा, 17 से बदलेगा मौसम

WhatsApp Channel Join Now
हिमाचल में बढ़ी गर्मी, 35 डिग्री तक पहुंचा पारा, 17 से बदलेगा मौसम


शिमला, 15 अप्रैल (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में पिछले कुछ दिनों से मौसम साफ रहने के कारण तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है और कई हिस्सों में गर्मी का असर साफ महसूस होने लगा है। निचले क्षेत्रों में बुधवार को अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच गया है, जबकि कई जिलों में पारा 30 डिग्री से ऊपर दर्ज किया गया है। मौसम विभाग ने 17 अप्रैल से प्रदेश के कई जिलों के लिए आंधी, बिजली कड़कने और ओलावृष्टि को लेकर ऑरेंज व येलो अलर्ट जारी किया है।

बुधवार को ऊना प्रदेश का सबसे गर्म स्थान रहा, जहां अधिकतम तापमान 34.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा कांगड़ा और मंडी में 32.5 डिग्री, सुंदरनगर में 32.4 डिग्री, बरठीं में 31.8 डिग्री, नाहन में 31.7 डिग्री और भुंतर में 31 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। लगातार बढ़ती गर्मी के कारण निचले इलाकों में दिन के समय तपिश बढ़ने लगी है।

केवल दिन का ही नहीं, रात के तापमान में भी बढ़ोतरी दर्ज की गई है। प्रदेश के औसतन न्यूनतम तापमान में 1.1 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई, जिससे सुबह और रात के समय भी हल्की गर्माहट महसूस की जा रही है। शिमला और मनाली जैसे प्रमुख पर्यटन स्थलों का न्यूनतम तापमान भी सामान्य से क्रमशः 1 और 6 डिग्री अधिक दर्ज किया गया, जिससे इन इलाकों की रातें भी अपेक्षाकृत गर्म हो गई हैं।

17 अप्रैल को चार जिलों में ऑरेंज अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार 17 अप्रैल को मंडी, कुल्लू, कांगड़ा और चंबा जिलों में तेज आंधी, बिजली कड़कने और ओलावृष्टि की संभावना को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन क्षेत्रों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।

इसी दिन ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर और शिमला जिलों में तेज आंधी और बिजली गिरने की आशंका को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है।

18 और 19 अप्रैल को चार जिलों में येलो अलर्ट

18 और 19 अप्रैल को मंडी, कुल्लू, कांगड़ा और चंबा जिलों में मौसम खराब रहने की संभावना को देखते हुए येलो अलर्ट जारी रहेगा। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई गई है। उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी भी हो सकती है।

मौसम विभाग के अनुसार 16 अप्रैल से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने जा रहा है, जिसके प्रभाव से 17 से 19 अप्रैल के बीच प्रदेश के मौसम में सबसे अधिक बदलाव देखने को मिल सकता है। इस दौरान तापमान में गिरावट आने की भी संभावना जताई गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Share this story