हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में फिर बर्फबारी, दो जगह माइनस में पारा

WhatsApp Channel Join Now
हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में फिर बर्फबारी, दो जगह माइनस में पारा


शिमला, 16 अक्टूबर (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में शुक्रवार को लगातार दूसरे दिन रुक-रुककर बर्फबारी हुई। लाहौल-स्पीति, किन्नौर और चंबा के ऊंचे पहाड़ी क्षेत्रों में हिमपात से ठंड बढ़ गई है। जनजातीय जिला लाहौल-स्पीति के मुख्यालय केलांग में सात सेंटीमीटर बर्फबारी दर्ज की गई। वहीं, चंबा जिले के साच पास में देर रात करीब दो से ढाई फीट ताजा बर्फ गिरी। बर्फबारी के बाद साच पास और आसपास की पहाड़ियां बर्फ से ढक गई हैं। पांगी घाटी को जोड़ने वाला साच पास मार्ग बंद हो गया है।

पहाड़ों में बर्फबारी और बारिश के बाद राज्य के जनजातीय क्षेत्रों में अक्टूबर में ही कड़ाके की ठंड पड़ने लगी है। लाहौल-स्पीति में दो स्थानों पर न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे दर्ज किया गया। केलांग में न्यूनतम तापमान माइनस 1.7 डिग्री सेल्सियस और कुकुमसेरी में माइनस 1.2 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग के अनुसार अगले एक सप्ताह तक प्रदेश में मौसम साफ रहने का अनुमान है। 17 से 22 अक्टूबर तक राज्य में कहीं भी बारिश या बर्फबारी होने की संभावना नहीं है।

केलांग में सात सेंटीमीटर बर्फबारी, साच पास पर दो से ढाई फीट बर्फ

लाहौल-स्पीति, किन्नौर और चंबा के ऊंचाई वाले इलाकों में शुक्रवार को भी रुक-रुक कर हिमपात का दौर जारी रहा। केलांग में सात सेंटीमीटर बर्फबारी दर्ज की गई। चंबा जिले के साच पास में देर रात करीब दो से ढाई फीट ताजा हिमपात हुआ। बर्फबारी के बाद इलाके में ठंड बढ़ गई है और पांगी घाटी की ओर जाने वाला साच पास मार्ग बंद हो गया है। शिमला और मनाली में शुक्रवार को आसमान में बादल छाए रहे, जबकि मैदानी इलाकों में धूप खिली रही।

केलांग में माइनस 1.7 और कुकुमसेरी में माइनस 1.2 डिग्री तापमान

प्रदेश में शुक्रवार को न्यूनतम तापमान के लिहाज से केलांग सबसे ठंडा स्थान रहा। यहां पारा शून्य से 1.7 डिग्री नीचे दर्ज किया गया। कुकुमसेरी में न्यूनतम तापमान माइनस 1.2 डिग्री सेल्सियस रहा। इसके अलावा ताबो में न्यूनतम तापमान 0.1 डिग्री और कल्पा में 3.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

पर्यटन नगरी मनाली में न्यूनतम तापमान 5.9 डिग्री सेल्सियस रहा। भुंतर में 8.7 डिग्री, बजौरा में 9.0 डिग्री, कुफरी में 9.1 डिग्री, सोलन में 10.4 डिग्री, पालमपुर में 10.5 डिग्री और चंबा में 10.9 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया।

शिमला और भरमौर में न्यूनतम तापमान समान रूप से 11.0 डिग्री सेल्सियस रहा। सुंदरनगर में यह 12.0 डिग्री, कांगड़ा में 12.7 डिग्री, मंडी में 13.2 डिग्री और जुब्बड़हट्टी में 13.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

ऊना, बिलासपुर और देहरा गोपीपुर में न्यूनतम तापमान समान रूप से 15.0 डिग्री सेल्सियस रहा। बरठीं में 15.2 डिग्री, नेरी में 16.0 डिग्री, नाहन में 16.1 डिग्री और सराहन में 17.7 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया। प्रदेश में सबसे अधिक न्यूनतम तापमान पांवटा साहिब में 21.0 डिग्री सेल्सियस रहा।

कोठी में सबसे ज्यादा 26 मिलीमीटर बारिश

प्रदेश में बीते 24 घंटों के दौरान भी कई स्थानों पर बारिश हुई। कुल्लू जिले के कोठी में सबसे अधिक 26 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। चंबा जिले के जोत और मंडी जिले के पंडोह में 20-20 मिलीमीटर बारिश हुई। लाहौल-स्पीति के कुकुमसेरी में 19 मिलीमीटर और मनाली में 17 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।

बारिश और ऊंचे क्षेत्रों में बर्फबारी के बीच प्रदेश का औसत न्यूनतम तापमान सामान्य से 1.2 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा। बीते 24 घंटों में राज्य के औसत न्यूनतम तापमान में 1.6 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई।

17 से 22 अक्टूबर तक बारिश और बर्फबारी की संभावना नहीं

पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी और ठंड बढ़ने के बीच मौसम विभाग ने अगले एक सप्ताह के लिए राहत का अनुमान जताया है। 17 से 22 अक्टूबर तक हिमाचल प्रदेश में मौसम साफ रहने की संभावना है। इस अवधि में प्रदेश के किसी भी हिस्से में बारिश या बर्फबारी का अनुमान नहीं है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

762210 Articles

Share this story