हिमाचल के ऊंचे इलाकों में हल्का हिमपात, ऊना में पारा 36 डिग्री पार

WhatsApp Channel Join Now
हिमाचल के ऊंचे इलाकों में हल्का हिमपात, ऊना में पारा 36 डिग्री पार


शिमला, 19 अप्रैल (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में रविवार को मौसम का मिला-जुला रूप देखने को मिला। एक ओर राज्य के अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बर्फबारी दर्ज की गई, तो दूसरी ओर मैदानी और निचले क्षेत्रों में तेज धूप के कारण तापमान 36 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच गया। मौसम के इस बदलते मिजाज ने प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में ठंड और गर्मी का एक साथ अहसास कराया।

मौसम विभाग के अनुसार लाहौल-स्पीति जिले के कोकसर में हल्का हिमपात दर्ज किया गया है, जबकि प्रदेश की अन्य ऊंची चोटियों पर भी बर्फबारी हुई। राजधानी शिमला और पर्यटन नगरी मनाली में दिनभर बादल छाए रहे, जिससे यहां तापमान में गिरावट दर्ज की गई और लोगों को ठंडक महसूस हुई। इसके विपरीत ऊना जिला प्रदेश का सबसे गर्म क्षेत्र रहा, जहां अधिकतम तापमान 36.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

प्रदेश के अन्य प्रमुख स्थानों की बात करें तो सुंदरनगर में अधिकतम तापमान 31.7 डिग्री, नाहन में 32.1 डिग्री, सोलन में 31.2 डिग्री, कांगड़ा में 31.4 डिग्री, मंडी में 32.7 डिग्री और बरठीं में 34.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं शिमला में अधिकतम तापमान पिछले दिन की तुलना में 3.9 डिग्री की गिरावट के साथ 25.9 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि मनाली में यह 20.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। राज्य के औसतन अधिकतम तापमान में 0.9 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।

मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान यानी 20 अप्रैल को प्रदेश के अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की वर्षा और बर्फबारी की संभावना जताई है। हालांकि निचले और मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में मौसम साफ रहने का अनुमान है। विभाग के अनुसार 21, 22 और 23 अप्रैल को पूरे प्रदेश में मौसम साफ बना रहेगा। इसके बाद 24 अप्रैल से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है, जिसके असर से ऊंचाई वाले इलाकों में फिर से वर्षा और बर्फबारी हो सकती है। 25 अप्रैल को भी निचले इलाकों को छोड़कर राज्य के कई हिस्सों में बारिश और बर्फबारी के आसार जताए गए हैं।

न्यूनतम तापमान की बात करें तो लाहौल-स्पीति का कुकुमसेरी सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां तापमान 0.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा ताबो में 4.6 डिग्री, कल्पा में 6.4 डिग्री, सराहन में 8.4 डिग्री, मनाली में 10.7 डिग्री और भुंतर में 12.0 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। शिमला में न्यूनतम तापमान 16.8 डिग्री, कांगड़ा में 17.8 डिग्री और ऊना व देहरा गोपीपुर में 18 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश का औसतन न्यूनतम तापमान सामान्य से करीब 2 डिग्री अधिक बना हुआ है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Share this story