हिमाचल के ऊंचे इलाकों में बर्फबारी, शिमला में सर्द हवाओं से बढ़ी ठंड
शिमला, 29 अक्टूबर (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से मौसम बदल गया है। राज्य के ऊंचे पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी हो रही है, जबकि राजधानी शिमला में सुबह अंधड़ के साथ हल्की बारिश होने से ठंड बढ़ गई है। किन्नौर, लाहौल स्पीति और चंबा के अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हिमपात हुआ है। जनजातीय इलाकों में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे पहुंच गया है। मौसम विभाग ने आज और कल कई जिलों में आंधी, बारिश और बिजली चमकने का येलो अलर्ट जारी किया है। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में दो नवंबर तक बर्फबारी की संभावना है।
पहाड़ों पर बर्फबारी से बढ़ी ठंड, कुकुमसेरी सबसे ठंडा
राज्य के ऊंचाई वाले इलाकों में ताजा बर्फबारी के बाद ठंड का असर बढ़ गया है। लाहौल स्पीति जिला के कुकुमसेरी में न्यूनतम तापमान माइनस 1.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो राज्य में सबसे कम है। यहां भीषण ठंड से प्राकृतिक जकस्त्रोतों का पानी जमना शुरू हो गया है।
लाहौल स्पीति जिला के ही ताबो में न्यूनतम तापमान 0.2 डिग्री सेल्सियस, किन्नौर के कल्पा में 5.4 डिग्री सेल्सियस और शिमला कुफरी में 7.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया। अन्य प्रमुख शहरों में भुंतर में न्यूनतम तापमान 9.4 डिग्री सेल्सियस, मनाली में 9.9 डिग्री सेल्सियस, सोलन में 10.0 डिग्री सेल्सियस, शिमला में 11.0 डिग्री सेल्सियस, ऊना में 11.0 डिग्री सेल्सियस, सुंदरनगर में 10.9 डिग्री सेल्सियस, बिलासपुर में 12.5 डिग्री सेल्सियस, मंडी में 12.0 डिग्री सेल्सियस, पालमपुर में 11.5 डिग्री सेल्सियस, कांगड़ा में 12.6 डिग्री सेल्सियस, धर्मशाला में 15.2 डिग्री सेल्सियस, नाहन में 14.6 डिग्री सेल्सियस, जुब्बड़हट्टी में 14.5 डिग्री सेल्सियस, बरठीं में 10.9 डिग्री सेल्सियस, भरमौर में 13.0 डिग्री सेल्सियस, देहरा गोपीपुर में 16.0 डिग्री सेल्सियस, सराहन में 16.8 डिग्री सेल्सियस और पांवटा साहिब में 18.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
सामान्य से कम न्यूनतम तापमान वाले दो शहरों में नाहन का तापमान 14.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 1.7 डिग्री सेल्सियस कम है। पालमपुर में न्यूनतम तापमान 11.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो सामान्य से 0.5 डिग्री सेल्सियस कम है।
शिमला में सुबह-सुबह अंधड़ और बारिश, कई जिलों में येलो अलर्ट
राजधानी शिमला में सुबह के समय अंधड़ चलने और हल्की बारिश होने से मौसम ठंडा हो गया। मौसम विभाग ने शिमला शहर के लिए आज 35 से 45 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने, बिजली चमकने और बारिश होने का येलो अलर्ट जारी किया है।
किन्नौर और लाहौल स्पीति जिलों में हल्की से मध्यम बर्फबारी का येलो अलर्ट है। इन जिलों के अलग-अलग स्थानों पर 35 से 45 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना है।
चंबा, कांगड़ा, सोलन, शिमला और सिरमौर जिलों में भी आंधी चलने, बिजली चमकने और बारिश होने का येलो अलर्ट जारी किया गया है। अन्य जिलों में भी हल्की बारिश होने की संभावना है।
30 अक्टूबर को पांच जिलों में खराब मौसम का अलर्ट
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 30 अक्टूबर को कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला और सिरमौर जिलों में मौसम खराब रह सकता है। इन जिलों में तेज हवाएं चलने, बिजली चमकने और बारिश होने की आशंका है।
31 अक्टूबर से 2 नवंबर तक ऊंचाई वाले पहाड़ी क्षेत्रों में मौसम खराब रहने और बर्फबारी होने के आसार हैं। पश्चिमी विक्षोभ का सबसे अधिक असर आज व कल देखने को मिल सकता है। इसके बाद भी प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम 2 नवंबर तक खराब रहने का अनुमान है। मौसम विभाग के अनुसार तीन नवंबर को प्रदेश में मौसम साफ रहने की संभावना है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

