हिमाचल : ऊंची चोटियों पर बर्फबारी, कई जिलों में आंधी-बिजली और ओलावृष्टि का अलर्ट

WhatsApp Channel Join Now
हिमाचल : ऊंची चोटियों पर बर्फबारी, कई जिलों में आंधी-बिजली और ओलावृष्टि का अलर्ट


शिमला, 15 मार्च (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में ओरेंज अलर्ट के बीच मौसम ने करवट ली है। राज्य के ऊंचे इलाकों में बर्फबारी शुरू हो गई है, जबकि शिमला, मनाली और कई मैदानी क्षेत्रों में घने बादल छाए हुए हैं। लाहौल-स्पीति, किन्नौर, कुल्लू और चंबा की ऊंची चोटियों पर रुक-रुक कर बर्फ गिर रही है, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई है और खासकर पहाड़ी इलाकों में मौसम फिर से सर्द हो गया है।

मौसम विभाग ने रविवार और सोमवार के लिए प्रदेश के कई हिस्सों में आंधी और बिजली कड़कने की चेतावनी जारी की है। विभाग के मुताबिक कुछ स्थानों पर 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इसके साथ ही आज कुछ इलाकों में ओलावृष्टि की भी संभावना जताई गई है।

आज के लिए बिलासपुर, ऊना, चंबा, कांगड़ा, सिरमौर, सोलन और शिमला जिलों में विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया है। मौसम विभाग का कहना है कि इन इलाकों में कहीं-कहीं तेज हवाओं के साथ बारिश, बिजली कड़कने और ओलावृष्टि की घटनाएं हो सकती हैं। कल 16 मार्च के लिये भी अलर्ट जारी किया गया है।

विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 17 मार्च को भी प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम खराब बना रहेगा, हालांकि उस दिन के लिए कोई विशेष चेतावनी जारी नहीं की गई है। इसके बाद 18 और 19 मार्च को फिर से कई भागों में आंधी और बिजली कड़कने का अलर्ट दिया गया है। खास तौर पर 18 मार्च को कुछ स्थानों पर 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चलने की संभावना जताई गई है। 20 और 21 मार्च को भी प्रदेश में मौसम खराब रहने का अनुमान है, लेकिन इन दिनों के लिए फिलहाल कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है।

मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में यह बदलाव पश्चिमी विक्षोभ (वेस्टर्न डिस्टर्बेंस) के सक्रिय होने की वजह से आया है। इसके प्रभाव से पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी और निचले इलाकों में बादल और बारिश की स्थिति बन रही है।

बीते 24 घंटों के दौरान राज्य के औसत न्यूनतम तापमान में करीब 0.1 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। हालांकि औसतन न्यूनतम तापमान सामान्य से लगभग 3.5 डिग्री सेल्सियस ऊपर बना हुआ है। शिमला का न्यूनतम तापमान 9.6 डिग्री, सुंदरनगर 12.5 डिग्री, भुंतर 11.2 डिग्री, कल्पा 3.0 डिग्री, धर्मशाला 13.7 डिग्री, ऊना 12.4 डिग्री, नाहन 11.4 डिग्री, पालमपुर 13.0 डिग्री, सोलन 10.2 डिग्री, मनाली 9.9 डिग्री, कांगड़ा 14.0 डिग्री, मंडी 12.5 डिग्री और बिलासपुर 14.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Share this story