हिमाचल में 14 अक्टूबर तक मौसम खराब, पहाड़ों पर बर्फ गिरने से बढ़ेगी ठंड

WhatsApp Channel Join Now
हिमाचल में 14 अक्टूबर तक मौसम खराब, पहाड़ों पर बर्फ गिरने से बढ़ेगी ठंड


शिमला, 08 अक्टूबर (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में अगले कुछ दिनों तक मौसम में बदलाव का दौर जारी रहने की संभावना है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक 9 से 14 अक्टूबर तक राज्य के कई हिस्सों में मौसम खराब रह सकता है। इस दौरान उच्च पर्वतीय इलाकों में बर्फबारी होने के आसार हैं। इससे पहाड़ों में तापमान और नीचे जाने के साथ ठंड बढ़ेगी। हालांकि राहत की बात यह है कि इस अवधि में कहीं भी भारी बारिश या भारी बर्फबारी की आशंका नहीं है।

मौसम विभाग ने इस अवधि के लिए कोई भारी बारिश या भारी बर्फबारी का अलर्ट जारी नहीं किया है।

वीरवार को शिमला सहित राज्य के अधिकांश हिस्सों में दिनभर धूप-छांव का दौर जारी रहा। कुछ स्थानों पर हल्की धूप भी खिली। मौसम में आए इस बदलाव का असर खासकर पर्वतीय और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में महसूस किया जा रहा है। अगले दिनों में ऊंचे पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी होने से तापमान में और गिरावट आने की संभावना है। इससे राज्य के पर्वतीय इलाकों में ठंड बढ़ेगी और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में सर्दी का असर तेज होगा।

मौसम विभाग के अनुसार 9 से 13 अक्टूबर के दौरान राज्य में अलग-अलग स्थानों पर बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हो सकती है। 14 अक्टूबर तक भी मौसम पूरी तरह साफ होने के बजाय कुछ हिस्सों में बदलाव बना रह सकता है। मौजूदा पूर्वानुमान में भारी बारिश या भारी बर्फबारी जैसी स्थिति नहीं है।

इससे पहले पिछले 24 घंटों के दौरान भी राज्य के कुछ हिस्सों में बारिश दर्ज की गई।

बिलासपुर के मलरान और आरएल बीबीएमबी में सबसे अधिक 30-30 मिलीमीटर बारिश हुई। शिमला जिले के सराहन में 20 मिलीमीटर, सिरमौर के पांवटा साहिब में 10 मिलीमीटर और शिमला के साथ चंबा जिले के सलूणी में 10-10 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। इन इलाकों में हुई बारिश ने मौसम में ठंडक बढ़ाने का काम किया है।

राज्य के पर्वतीय इलाकों में ठंड ने दस्तक दे दी है।

वीरवार को छह शहरों का न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया। मौसम विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक राज्य के औसत न्यूनतम तापमान में भी 1.1 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। लाहौल-स्पीति का कुकुमसेरी 2.3 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान के साथ राज्य में सबसे ठंडा रहा।

जनजातीय क्षेत्र ताबो में न्यूनतम तापमान 3.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। केलांग में यह 4 डिग्री, कल्पा में 6.6 डिग्री, कुफरी में 8.6 डिग्री और मनाली में 9.2 डिग्री सेल्सियस रहा। राजधानी शिमला में न्यूनतम तापमान 12.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Share this story