हिमाचल में अक्टूबर में फिर बर्फबारी, लाहौल स्पीति में सड़कें बंद, 10 जिलों में बारिश का अलर्ट

WhatsApp Channel Join Now
हिमाचल में अक्टूबर में फिर बर्फबारी, लाहौल स्पीति में सड़कें बंद, 10 जिलों में बारिश का अलर्ट


हिमाचल में अक्टूबर में फिर बर्फबारी, लाहौल स्पीति में सड़कें बंद, 10 जिलों में बारिश का अलर्ट


शिमला, 15 अक्टूबर (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में अक्टूबर के मध्य में मौसम ने फिर करवट ली है। जनजातीय जिला लाहौल-स्पीति में बर्फबारी हो रही है, जबकि लाहौल-स्पीति, किन्नौर और कुल्लू के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फ गिर रही है। लाहौल में अब तक करीब एक इंच बर्फबारी दर्ज की गई है। केलांग में 3 सेंटीमीटर और गोंडला में 5 सेंटीमीटर बर्फ दर्ज हुई है। बर्फबारी और बारिश के कारण लाहौल-स्पीति में तीन प्रमुख सड़क मार्गों पर वाहनों की आवाजाही बंद हो गई है। इस बीच मौसम विभाग ने लाहौल-स्पीति और किन्नौर को छोड़कर प्रदेश के बाकी 10 जिलों में आज आंधी, बिजली और बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है।

बर्फबारी से तीन प्रमुख सड़क मार्ग बंद

लाहौल-स्पीति में बर्फबारी के बाद सड़क यातायात प्रभावित हुआ है। जिला प्रशासन के अनुसार दारचा से सरचू, दारचा से शिंकुला और ग्राम्फू से बातल तक सड़क मार्ग पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बंद है। इन मार्गों पर सफर करने वाले लोगों को मौसम और सड़क की स्थिति को ध्यान में रखने की जरूरत है।

अटल टनल के नॉर्थ पोर्टल से दारचा तक सड़क खुली हुई है। वहीं, रोहतांग दर्रे से अटल टनल के नॉर्थ पोर्टल तक सुबह 6 बजे से शाम 5 बजे तक ही यातायात की अनुमति है। स्पीति में सुमदो से काजा होते हुए बातल तक सड़क खुली है। उदयपुर में तांदी से कढू नाला तक भी यातायात जारी है।

प्रशासन के अनुसार लाहौल में बारिश और बर्फबारी हो रही है, जबकि उदयपुर में बारिश और स्पीति में बादल छाए हुए हैं। प्रशासन ने यात्रियों और वाहन चालकों से सफर शुरू करने से पहले सड़क की ताजा स्थिति की जानकारी लेने और सावधानी बरतने की अपील की है।

शिमला के खदराला में 81.1 मिलीमीटर बारिश, कई इलाकों में गरज-चमक

प्रदेश के मैदानी और मध्यवर्ती इलाकों में भी मौसम का असर दिख रहा है। मौसम विभाग ने गुरुवार को लाहौल-स्पीति और किन्नौर को छोड़कर शेष 10 जिलों में आंधी और बिजली गिरने के साथ बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। कुल्लू, सिरमौर, चंबा और कांगड़ा में बारिश हो रही है, जबकि शिमला में सुबह से तेज हवाएं चल रही हैं। प्रदेश के अन्य हिस्सों में बादल छाए हुए हैं।

बीते 24 घंटों में शिमला जिला के खदराला में सबसे अधिक 81.1 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। धर्मशाला में 28 मिलीमीटर, पालमपुर में 19 मिलीमीटर और कुकुमसेरी में 15.9 मिलीमीटर बारिश हुई। सुंदरनगर में कोहरा छाया रहा। जोत, एएमएस कांगड़ा और पालमपुर में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की घटनाएं दर्ज की गईं। खदराला में ओलावृष्टि भी हुई।

लाहौल स्पीति के कुकुमसेरी में तापमान माइनस 0.4 डिग्री

बर्फबारी और बारिश के बीच प्रदेश में ठंड बढ़ने लगी है। ऊंचाई वाले इलाकों में तापमान शून्य से नीचे पहुंच गया है। कुकुमसेरी में न्यूनतम तापमान माइनस 0.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। ताबो में 1.2 डिग्री और केलांग में 2.7 डिग्री तापमान रहा। किन्नौर के कल्पा में तापमान 4.6 डिग्री दर्ज किया गया।

मनाली में न्यूनतम तापमान 8.2 डिग्री, कुफरी में 8.9 डिग्री, सेओबाग में 9.8 डिग्री और भरमौर में 10 डिग्री सेल्सियस रहा। पालमपुर में 11 डिग्री, भुंतर और बजौरा में 11.3 डिग्री, शिमला में 12 डिग्री तथा सोलन में 13.5 डिग्री तापमान दर्ज किया गया।

देहरा गोपीपुर में तापमान 14 डिग्री, जुब्बड़हट्टी में 14.9 डिग्री, चंबा में 15 डिग्री, सुंदरनगर में 15.2 डिग्री, नाहन में 15.3 डिग्री और कांगड़ा में 15.4 डिग्री रहा। मंडी में 16.3 डिग्री, सराहन में 17.2 डिग्री, बरठीं में 17.4 डिग्री, ऊना में 18 डिग्री, नेरी में 18.4 डिग्री और बिलासपुर में 18.5 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। पांवटा साहिब में तापमान 21 डिग्री सेल्सियस रहा।

16 और 17 अक्टूबर को भी बारिश की संभावना

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार गुरुवार को प्रदेश के कुछ स्थानों पर गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है। 16 और 17 अक्टूबर को भी कुछ जगहों पर हल्की या छिटपुट बारिश की संभावना है। इसके बाद 18 से 21 अक्टूबर तक प्रदेश में मौसम साफ रहने का अनुमान है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

761100 Articles

Share this story