हिमाचल की ऊंची चोटियों पर बर्फबारी, एक हफ्ते तक मौसम के कड़े तेवर

WhatsApp Channel Join Now
हिमाचल की ऊंची चोटियों पर बर्फबारी, एक हफ्ते तक मौसम के कड़े तेवर


हिमाचल की ऊंची चोटियों पर बर्फबारी, एक हफ्ते तक मौसम के कड़े तेवर


शिमला, 03 अप्रैल (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में एक बार फिर मौसम ने करवट ली है। वेस्टर्न डिस्टरबेंस के सक्रिय होने से राज्य की ऊंची पर्वत श्रृंखलाओं पर बर्फबारी शुरू हो गई है, जबकि राजधानी शिमला और पर्यटन नगरी मनाली में घने बादल छाए हुए हैं। लाहौल-स्पीति, किन्नौर, कुल्लू और चंबा की ऊंची चोटियों पर रुक-रुक कर हिमपात हो रहा है, जिससे अप्रैल महीने में भी पहाड़ी इलाकों में ठंड का असर बना हुआ है।

राज्य के निचले जिलों में भी बादलों का डेरा है और कई स्थानों पर तेज हवाएं चल रही हैं। मौसम विभाग ने आज और कल लाहौल-स्पीति और किन्नौर को छोड़कर प्रदेश के 10 जिलों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चलने और बिजली गिरने का येलो अलर्ट जारी किया है। कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि की संभावना को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट भी जारी किया गया है।

मौसम विभाग के अनुसार 5 से 9 अप्रैल तक भी प्रदेश के कई हिस्सों में गरज के साथ बारिश, बिजली गिरने और तेज हवाओं को लेकर येलो अलर्ट रहेगा। हालांकि इस दौरान वेस्टर्न डिस्टरबेंस का प्रभाव आज और कल की तुलना में थोड़ा कम रहेगा, लेकिन पूरे सप्ताह मौसम के कड़े तेवर बने रहने की संभावना है। ऊंचाई वाले इलाकों में बीच-बीच में बर्फबारी जारी रहने का अनुमान है।

पूर्वानुमान के मुताबिक 3 और 4 अप्रैल को कई स्थानों पर गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की संभावना है। 5 और 6 अप्रैल को कुछ जगहों पर हल्की बारिश और बादल छाए रहेंगे। 7 और 8 अप्रैल को फिर से तेज हवाओं और बिजली गिरने की गतिविधियां बढ़ सकती हैं, जबकि 9 अप्रैल को भी मौसम अस्थिर रहने की संभावना जताई गई है।

मौसम के इस बदले रुख के कारण अप्रैल में भी ठंड का असर बना हुआ है और मैदानी इलाकों में भी अभी गर्मी का प्रभाव महसूस नहीं हो रहा है। मार्च के दूसरे पखवाड़े से प्रदेश में कई बार गरज के साथ बारिश हुई, हालांकि पूरे मार्च महीने में सामान्य से 17 प्रतिशत कम वर्षा दर्ज की गई।

शुक्रवार को शिमला का न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि मनाली में 10.8, धर्मशाला में 15, ऊना में 16.2, नाहन में 17.1, कांगड़ा में 18.2, बिलासपुर में 17, मंडी में 15.7, सोलन में 12.8, कल्पा में 6.6 और केलांग में 1.8 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ। पांवटा साहिब में 22 और नेरी में 20.4 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया, जो प्रदेश में अपेक्षाकृत अधिक रहा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Share this story